
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर : जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक द्वारा चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में युवक द्वारा स्वयं की बलि देने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिससे तरह-तरह की चर्चाए होने लगीं। हालांकि जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम के मुताबिक युवक के पिता ने पारिवारिक झगड़े के बाद स्वयं चाकू से अपना गला काटने की जानकारी दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बसदेई चौकी क्षेत्र के ग्राम रगदा निवासी 28 वर्षीय अमीर साय ने शनिवार सुबह पारिवारिक विवाद के कारण चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। इससे उसके गले में गंभीर चोट आई। घटना के बाद स्वजन उसे 108 एंबुलेंस से तत्काल जिला चिकित्सालय सूरजपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- सरगुजा के गोरता में पांच महीने से राशन नहीं मिलने पर भड़के ग्रामीण, दुकान में जड़ा ताला
घटना के बाद इलाके में युवक द्वारा देवी-देवता के नाम पर स्वयं की बलि देने के लिए गला काटने की चर्चा तेजी से फैलने लगी। हालांकि जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने इस तरह की चर्चाओं को सही नहीं बताया।
यह भी जानकारी सामने आ रही है कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद युवक वहां से बिना उपचार कराए चला गया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस संबंध में बसदेई चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह ने बताया कि घटना को लेकर चौकी में फिलहाल कोई सूचना दर्ज नहीं है। उन्होंने भी युवक के घायल होने और मेडिकल कॉलेज से बिना इलाज कराए चले जाने की बात सुनी है। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों और मेडिकल कॉलेज से युवक के बिना उपचार कराए चले जाने की जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।