
अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लंबे अरसे बाद अंबिकापुर शहर में पुलिस ने व्यापक जांच अभियान चलाया। शहर में अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए सैकड़ों किराएदारों सहित 60 संदिग्ध युवकों को थाना लाकर पूछताछ की गई।आठ संदिग्ध युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गांजा तथा दो लोगों को शराब के साथ पकड़ा गया।इस पूरी कार्रवाई के दौरान हड़कंप मचा रहा।
स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने असामाजिक और आपराधिक तत्वों के साथ दूसरों प्रांतों से आकर बिना पुलिस को सूचना दिए किराए में रहकर असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान सुनिश्चित करने जांच अभियान चलाया। शहर मे अपराधों की रोकथाम एवं बाहरी आपराधिक तत्वों से शहर की सुरक्षा हेतु यह अभियान शहर के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। थानावार अलग अलग पुलिस टीम का गठन किया गया था। राजपत्रित अधिकारियों की देखरेख में सघन चेकिंग अभियान की कार्रवाई शहर के भीतरी कॉलोनियों एवं रिहायशी क्षेत्रों में चलाई गई। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग व पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्देश पर कई घण्टे चली जांच से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि असामाजिक व अपराधी तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने शहर के सुभाषनगर, भगवानपुर क्षेत्र में पुलिस टीम का नेतृत्व कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अनुविभागिय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में थाना कोतवाली की टीम ने नवागढ़,सत्तीपारा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी के नेतृत्व मे थाना मणीपुर के बंजारी, लक्ष्मीपुर, मठपारा बस्तियों पर जहां बाहर से आकर निवास करने वालो की संख्या बहुतायत मे हैं। ऐसे बस्तियों मे सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। किरायेदारों से पूछताछ में दूसरे राज्य के निवासियों को सम्बंधित थाने में सूचना पंजीकृत कराने एवं मकान मालिकों को वैध पहचान पत्र लेने पश्चात ही मकान किराए पर देने हेतु समझाइश दिया गया। चेकिंग अभियान के दौरान सैकड़ो किराएदारों से पूछताछ करने पश्चात 60 युवकों द्वारा संतोषप्रद जवाब नही देने पर पुलिस टीम द्वारा सम्बंधित थाना लाकर पूछताछ किया गया, वैध पहचान पत्र पेश करने पर 52 युवकों को समझाइश देकर छोड़ा गया। आठ युवकों पर सरगुजा पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सरगुजा पुलिस के सघन चेकिंग में सत्तीपारा दीवान तालाब के पास मेघा राम दास ( 42) से 280 ग्राम तथा विजय नामदेव उर्फ बाबू (45) से दो किलो गांजा बरामद किया गया। देशी महुआ शराब की अवैध बिक्री के दो मामलों में एक व्यक्ति से 20 लीटर तथा दूसरे से दो लीटर शराब जब्त किया गया।वर्षों पहले ऐसी कार्रवाई शहर में की जाती थी जो बंद हो चुकी थी। अब नए सिरे से कार्रवाई शुरू की गई है।