
रामानुजगंज। ग्राम चंद्रननगर तालाब में तीन दोस्तों को लुकाछिपी का खेल महंगा पड़ा। लुकाछिपी खेल रहा एक दोस्त छिपने के लिए तालाब के पानी में अंदर घुसा और उसकी जलसमाधि बन गई। सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे डूबे ग्रामीण को मंगलवार को स्थानीय गोताखोरों की मदद से 10 बजे तालाब से बाहर निकाला जा सका। रामानुजगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को ग्राम चंद्रननगर के शिवनाथ सिंह पिता सेठू सिंह 55 अपने दोस्त कमल सिंह एवं जमुना सिंह के साथ जंगल में गाय चराने के लिए गए थे। दोपहर को करीब साढ़े 12 बजे गाय बांधने के बाद वे लखन सिंह के तालाब में नहाने पहुंचे, जहां नहाने के दौरान तीनों दोस्त पानी में लुकाछिपी का खेल खेलने लगे। कमल सिंह एवं जमुना सिंह ने पानी में छुपकर निकलने गए। जब शिवनाथ के छिपने की बारी आई तो वह छिपने के लिए पानी के अंदर घुसा तो बाहर नहीं आ सका। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दोनों ने उसकी तलाश की,लेकिन उसका पता नहीं चला। शिवनाथ के तालाब के डूबने की खबर गांव में मिलते ही ग्रामवासी शिवनाथ को खोजने लगे जो सोमवार की देर शाम तक नहीं मिल सका। इसके बाद आज स्थानीय गोताखोरों की मदद से दुबारा खोज शुरू हुई तो शिवनाथ का शव दिन 10.30 बजे तालाब से निकाला जा सका। मामले में रामानुजगंज थाने में मर्ग कायम कर लिया गया है।