जांजगीर-चांपा । (नईदुनिया न्यूज)। रेलमार्ग से अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ के जिलों से आने वाले यात्रियों की जांजगीर-चांपा जिले के रेलवे स्टेशनों में कोविड टेस्ट की जा रही है। जले अब तक 5,225 यात्रियों की टेस्ट में 235 यात्री संक्रमित पाए गए। दूसरे राज्यों, जिलों से रेल मार्ग से जिले में आने वाले यात्रियों का कोविड टेस्ट के लिए जिले के चार स्टेशनों में स्वास्थ्य विभाग पुलिस एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को तैनात किया है। यात्रियों की कोविड-19 जांच के लिए 24 घंटे तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। रेल यात्रियों के कोविड जांच के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर सुमित गर्ग ने बताया कि जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन में 392 यात्रियों की जांच की गई जिसमें 17 संक्रमित पाए गए। इसी प्रकार अकलतरा रेलवे स्टेशन में 363 यात्रियों की जांच में 98 संक्रमित मिले। चांपा रेलवे स्टेशन में 3256 यात्रियों की जांच की गई 80 यात्री संक्रमित थे। नया बाराद्वार स्टेशन में 354 लोगों की जांच की गई 8 यात्री संक्रमित मिले। सक्ती स्टेशन में 860 यात्रियो की जांच की गई जिसमें 32 संक्रमित मिले। उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा जिले के रेलवे स्टेशन अकलतरा, जांजगीर नैला, चांपा, नया बाराद्वार एवं सक्ती में बाहर से आने वाले यात्रियों का कोविड-19 जांच अनिवार्य किया गया है। इसके लिए डिप्टी कलेक्टर सुमित गर्ग को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। स्टेशनों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। रेल मार्ग से बाहर जाने वाले यात्रियों को अधिकतम 72 घंटे के भीतर का कोविड निगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य किया गया है। ऐसे यात्री जो कोविड निगेटिव सर्टिफिकेट लेकर नहीं आते उनका कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। निगेटिव रिपोर्ट आने पर उन्हें आगे की यात्रा की अनुमति दी जाती है। पाजिटिव आने पर उन्हें क्वारंटाइन सेंटर अथवा होम आईसोलोशन में भेजा जा रहा है।