
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: पड़ोसी देश नेपाल में दीपावली पर कुकुर तिहार मनाने की परंपरा है, इस परंपरा का निर्वहन अंबिकापुर में भी किया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर बेजुबान डाग शेल्टर अंबिकापुर में कुकुर तिहार का पर्व प्रेम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य समाज में बेजुबान पशुओं के प्रति प्रेम, सम्मान, संवेदना और सेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर बेजुबान डाग शेल्टर में रह रहे सभी डॉग्स के लिए विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया।

सभी को तिलक लगाकर, फूलों की माला पहनाकर उनका सम्मान किया गया तथा उनके लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। हवन एवं पूजा के माध्यम से शेल्टर में रह रहे सभी बीमार, घायल एवं अस्वस्थ बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना की गई।

यह संपूर्ण आयोजन बेजुबान डॉग शेल्टर की पूरी टीम एवं सभी सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुआ। टीम के सदस्यों ने बताया कि हमारे लिए ये बेजुबान जानवर केवल पशु नहीं, बल्कि हमारे परिवार का हिस्सा हैं। इनका दर्द समझना, इनकी देखभाल करना और इन्हें सुरक्षित जीवन देना ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
बेजुबान डाग शेल्टर ने बेनर पंडाल लाया धूमधाम से मनाया गया कुकुर तिहार

बेजुबान डाग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने कहा कि कुकुर तिहार हमें यह याद दिलाता है कि कुत्ते भी हमारे समाज और जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वे हमारे मित्र हैं, हमारे आसपास रहते हैं और बिना किसी स्वार्थ के इंसानों के प्रति प्रेम और वफादारी रखते हैं।
ऐसे में हमारा भी कर्तव्य है कि हम उनके प्रति दया, प्रेम और सम्मान का भाव रखें।उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी बेजुबान जानवर को परेशान न करें। उन पर पत्थर न फेंकें, उन्हें मारें नहीं और न ही उन्हें डराने का प्रयास करें। पटाखों एवं तेज आवाजों से भी जानवरों को बहुत परेशानी होती है। त्योहार खुशियां बांटने का नाम है, किसी बेजुबान को डराने या तकलीफ पहुंचाने का नहीं।
बेजुबान डाग शेल्टर की टीम ने आम लोगों से विशेष अपील की है कि यदि उन्हें कहीं कोई डॉग या अन्य पशु दुर्घटनाग्रस्त, घायल, बीमार अथवा असहाय अवस्था में दिखाई देता है, तो उसकी अनदेखी न करें। तत्काल बेजुबान डॉग शेल्टर से संपर्क करें, ताकि समय रहते उस बेजुबान को रेस्क्यू कर उचित उपचार एवं देखभाल उपलब्ध कराई जा सके।
बेजुबान डाग शेल्टर पिछले कई वर्षों से घायल, बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं बेसहारा पशुओं के रेस्क्यू, उपचार, भोजन और देखभाल के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।