अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। वर्षों से पुल टूट जाने का दंश झेल रहे धंधापुर-करसी इलाके के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब चार साल पहले अतिवृष्टि और बाढ़ से धराशायी हुए महान नदी के पुल पर नए निर्माण की मंजूरी मिलने के साथ टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। साढ़े छह करोड़ की लागत से यहां 190 मीटर लंबा नया पुल बनाया जाएगा। इस पुल के बनने से राजपुर-प्रतापपुर के बीच सीधा संपर्क होने के साथ दर्जनभर गांव के लोगों एवं वहां के स्कूली बच्चों को उफनती नदी को पार करने के संकट से राहत मिलेगी। लोक निर्माण सेतु विभाग द्वारा बारिश के बाद पुल बनाने की तैयारी है।
बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत धंधापुर-छिंदियाडांड़ मार्ग में महान नदी पर वर्ष 2003-04 में लोक निर्माण सेतु विभाग पुल का निर्माण कराया गया था। पुल के होने से अंबिकापुर से प्रतापुर एवं राजपुर से प्रतापपुर के बीच आवागमन आसान था। सालों तक पुल की देखरेख में ध्यान नहीं देने से वहां काफी मलबा व कचरा जमा हो गया। वर्ष 2015-16 की भारी बारिश और बाढ़ से पानी का बहाव बढ़ने से महान नदी पर बना पुल टूट गया। इसके बाद से दर्जनभर गांव के लोग आज भी पुल नहीं होने का दंश झेल रहे हैं। राजपुर से प्रतापपुर के बीच इस पुल के टूटने के बाद इलाके के ग्रामीणों का आना-जाना काफी परेशानियों भरा हो गया। लंबे समय से यहां पुल निर्माण की मांग ग्रामीण एवं इलाके के जनप्रतिनिधि कर रहे थे। इस साल पुल निर्माण की मंजूरी तो मिल गई लेकिन कोरोना संकटकाल के कारण बाकी औपचारिकताएं देर से हुई। अब धंधापुर-करसी मार्ग में महान नदी पर 190 मीटर लंबे पुल निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई हैं। इस पुल के निर्माण में साढ़े छह करोड़ की लागत आएगी।
बारिश में बढ़ जाती है मुसीबत-
महान नदी में पुल के टूटने के बाद राजपुर विकासखंड के कई गांव प्रभावित हुए। इलाके के ग्रामीणों को प्रतापपुर जाने में लंबा समय तय करना पड़ता था। बारिश में पानी का बहाव बढ़ने से लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को आज भी उठानी पड़ रही है। नदी के दूसरी तरफ स्कूल जाने के लिए उन्हें भी नाव का खतरनाक सफर तय करना पड़ता है।
नए पुल की बढ़ाई जाएगी ऊंचाई-
धंधापुर इलाके में महान नदी में बने पुराने पुल की ऊंचाई कम थी। दोनों तरफ पहाड़ होने से यहां नदी का बहाव यहां तेज है। पुराने पुल के टूटने की वजह भी यही बताई गई थी। इसके चलते नए पुल की ऊंचाई बढ़ाई जा रही है। अब यहां 16 मीटर ऊंचा पुल बनाया जाएगा। इससे नदी में पानी का ज्यादा बहाव भी पुल झेल जाएगा।
पुल बनने से कई गांवों को लाभ-
सालों से पुल टूटने के बाद परेशानी में जी रहे इलाके के ग्रामीणों ने नया पुल बनने पर राहत महसूस की है। धंधापुर सहित करसी, दुप्पी-चौरा, मरकाडांड़, मकनपुर, टुकुडांड़ गांव अब पुल तैयार होने के बाद प्रतापपुर मार्ग से जुड़ जाएंगे। राजपुर विकासखंड के इस इलाके से सब्जी, गन्ना एवं कोयले का परिवहन भी आसान होगा।
बयान-
धंधापुर-करसी मार्ग में महान नदी पर नया पुल बनाने तैयारी चल रही है। वर्क आर्डर जारी होते ही काम शुरू होगा। इससे दर्जनभर गांव के लोगों को आने वाले समय में काफी राहत मिलेगी। दो साल के भीतर पुल के तैयार होने की संभावना है।
एसके महापात्रा
कार्यपालन अभियंता, सेतु विभाग