
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : शहर के नमनाकला पानी टंकी के पास कार्मेल स्कूल के समीप लापरवाही ने एक आठ साल के मासूम की जान ले ली। रक्षाबंधन के दिन साइकिल चला रहा बच्चा टूटे सर्विस तार से लगे जीआइ तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। जोरदार झटके से नाली में गिरे बच्चे को मोहल्लेवासियों ने तत्काल मिशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार नमाकला पानी टंकी के पास कार्मेल स्कूल के समीप रहने वाले चिंटू सिंह का आठ वर्षीय पुत्र चिराग सिंह कक्षा दूसरी में पढ़ता था। रक्षाबंधन के दिन घर के पास साइकिल चला रहा था। उसी जगह पर बिजली कंपनी का एक ट्रांसफार्मर लगा है। नजदीक में ही घनी आबादी है। वहीं से कई घरों में सर्विस वायर गया है। एक सर्विस वायर टूट गया था। जिसे काट कर अलग कर दिया गया था लेकिन उसके साथ लगा जीआइ तार असुरक्षित तरीके से पड़ा था। उसी में करंट प्रवाहित हो रहा था।
साइकिल चलाते-चलाते चिराग अचानक उस खुले तार के संपर्क में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से वह उछलकर पास की नाली में जा गिरा।यह नजारा देख आसपास मौजूद लोग दौड़े और तुरंत उसे ऑटो में लेकर परिजन और मोहल्लेवासियों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। जैसे ही चिकित्सक ने बच्चे की मौत की जानकारी दी, स्वजन बेसुध हो गए। बालक के पूरे शरीर में करंट से झुलसने के निशान उभर आए थे।\
यह भी पढ़ें- मैनपाट की उफनती घुनघुट्टा नदी में बहे युवक युवती, उफनते पुल पर बाइक ले जाना पड़ा महंगा
मोहल्लेवासियों ने बताया कि पानी टंकी के पास लगा ट्रांसफार्मर पूरी तरह से असुरक्षित है। न तो उसकी फेंसिंग है और न ही सुरक्षा जाली। तार खुले लटके रहते हैं। यही नहीं, अंबिकापुर शहर में बिजली वितरण व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। कई स्थानों पर बिजली के तार असुरक्षित तरीके से लटक रहे हैं।
अधिकांश ट्रांसफार्मरों की स्थिति खतरनाक है। कई ट्रांसफार्मर खुले पड़े हैं, अर्थिंग व्यवस्थित नहीं है और नंगे तार व जुगाड़ के भरोसे ट्रांसफार्मर चलाए जा रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन अधिकारी व्यवस्था सुधारने में रुचि नहीं लेते। अगर समय रहते ट्रांसफार्मर को सुरक्षित किया गया होता तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती।
सर्विस वायर के साथ लगे जीआइ तार में करंट से हुई मौत
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता अक्षय कुमार ने बताया कि रात के समय किसी वाहन ने सर्विस वायर को तोड़ दिया था।उसे नजदीक में ही सुरक्षित तरीके से बांधकर रखा गया था। कनेक्शन विच्छेद था। सर्विस वायर के साथ लगे जीआइ तार में न जाने कैसे करंट आ गया,उसी से यह घटना हुई है। मुआवजा को लेकर उन्होंने कहा कि मुआवजा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वार्ड पार्षद अनीता रविंद्र गुप्त भारती ने बताया कि घटना दुखद है। हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। भविष्य में ऐसी घटना ना हो इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों से भी चर्चा की गई है। मृतक के परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।