
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : शासकीय भूमि की हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना कमलेश्वरपुर एवं साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपित आजाद इराकी को गिरफ्तार किया है।
आरोपित आजाद, बलरामपुर जिले के कुसमी से लगे रेहड़ा स्थित अपने ससुराल में छिपा हुआ था, जिसे साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा। उसके विरुद्ध पूर्व में भी जमीन हेराफेरी और शासकीय कर्मचारियों से गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप पर केस दर्ज है।
तहसीलदार मैनपाट उमेश्वर सिंह बाज ने थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि के बाद कूटरचना की गई है। जांच में सामने आया कि खसरा नंबर 1378 बंदोबस्त वर्ष 1995-96 में भी शासकीय भूमि के रूप में 'छोटे झाड़ के जंगल' मद में ही दर्ज है। लेकिन 1954-55 के अभिलेख में निजी भूमि के रूप में खसरा नंबर 1378 की फर्जी प्रविष्टि तैयार कर शासकीय जमीन को निजी बताकर बेचने का षड्यंत्र रचा गया था।
इस प्रकरण में तुलेश्वर गुप्ता, आजाद इराकी एवं अन्य की संलिप्तता पाई गई। थाना कमलेश्वरपुर में धारा 420, 467, 468, 471, 34 एवं 120बी भादवि के तहत केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। पुलिस ने पूर्व में आरोपित तुलेश्वर गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया था। प्रकरण का आरोपित आजाद इराकी घटना के बाद से फरार था। पुलिस को तकनीकी जानकारी और मुखबिर से सूचना मिली कि वह बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से लगे ग्राम रेहड़ा स्थित अपने ससुराल में छिपा है।
सूचना पर साइबर सेल अंबिकापुर की टीम ने रेहड़ा में दबिश दी और आरोपित को हिरासत में लिया। वह मूलतः मस्जिदपारा वार्ड नंबर पांच जयनगर थाना जयनगर जिला सूरजपुर का निवासी है। पिछली बार धोखाधड़ी के एक अन्य प्रकरण में उसे जमानत दे दी गई थी इस पर कलेक्टर अजीत वसंत ने पत्र लिखकर जिला व सत्र न्यायाधीश को वस्तुस्थिति से अवगत कराया था।
इस फर्जीवाड़े में कुल पांच आरोपित शामिल हैं। एक आरोपित तुलेश्वर गुप्ता पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, जबकि आजाद इराकी अब पकड़ा गया है। उसकी अग्रिम जमानत पहले निरस्त हो चुकी थी। शेष बचे आरोपितों में अनुपम कुमार सिंह और विजय सिंह ने सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया है। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
प्रकरण में एक और नामजद आरोपित दिलीप चिकवा है। उसकी भी तलाश चल रही है।कार्रवाई में साइबर सेल अंबिकापुर से सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अशोक यादव, अमन पुरी, रमेश राजवाड़े, विकास मिश्रा, जितेश साहू, राहुल केरकेट्टा सक्रिय रहे।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में फॉरेस्ट गार्ड के सरकारी आवास में छलके जाम, चिकन-मटन बनाते दिखे डिप्टी रेंजर; वीडियो वायरल