
0 दरिमा के नवापारा भालूकछार अंधे कत्ल का खुलासा
0 दोनों आरोपी गिरफ्तार
फोटो-27-गिरफ्तार आरोपी
अंबिकापुर(निप्र)। रायपुर जाने निकले नवापारा भालूकछार निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शराब के नशे में हुए विवाद पर चचेरे भाई ने गला दबाकर युवक की हत्या कर दी थी और शव को लोटमा नदी पुल के नीचे गांव के ही एक व्यक्ति के सहयोग से फेंक दिया था। पुलिस ने हत्या के आरोप में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरिमा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी पद्यमश्री तंवर ने बताया कि नवापारा भालूकछार निवासी प्रदीप सिंह पिता रघुवीर सिंह 23 वर्ष बीते बुधवार की शाम अपने चचेरे भाई विनोद सिंह के साथ रायपुर जाने के नाम पर बोलेरो से निकला था। उसने अपने पास एक बैग भी रखा हुआ था। गुरूवार की सुबह गांव से लगे पुलिया के पास उसका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से दम घुटने के कारण होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने संदेही के रूप में उसे साथ ले जाने वाले विनोद सिंह से पूछताछ शुरू की। विनोद सिंह अपने पिता का ईलाज कराने रायपुर जाने के नाम पर चचेरे भाई मृतक प्रदीप कुमार को घर से ले गया था। पुलिस ने जब विनोद से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और सारी जानकारी दे दी। आरोपी विनोद ने बताया कि घटना दिवस की शाम उसके पिता ईलाज कराने के लिए पहले ही ट्रेन पकड़ने चले गए थे। आरोपी विनोद सिंह अपने चचेरे भाई मृतक प्रदीप कुमार के साथ अंबिकापुर पहुंचने के बाद राजमोहिनी कालेज के नजदीक अपनी बोलेरो वाहन खड़ी कर दिया था और बस से बिश्रामपुर स्टेशन पहुंचे थे, जिससे आरोपी विनोद सिंह का पिता नाराज हो गया था और दोनों को घर वापस चले जाने बोल दिया था। बिश्रामपुर से दोनों बस से अंबिकापुर आए थे। दोनों ने शराब का सेवन भी किया था। शराब के नशे में दोनों के बीच बहस भी हुआ। अंबिकापुर पहुंचने के बाद भी राजमोहिनी कालेज के पास दोनों ने शराब का सेवन किया। तत्पश्चात बोलेरो से घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में दोनों के फिर से विवाद शुरू हो गया। उसी दौरान आरोपी विनोद सिंह ने अपने चचेरे भाई मृतक प्रदीप कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को अपने घर के कोठार में रख दिया। देर रात पड़ोस में ंरहने वाले रामचंद्र के साथ मिलकर आरोपी ने मृतक प्रदीप कुमार के शव को लोटना नदी के पुल के नीचे फेंक दिया था। आरोपी द्वारा स्वीकारोक्ति कररने के बाद पुलिस द्वारा मामले का खुलासा करते हुए भालूकछार निवासी दोनों आरोपी विनोद सिंह पिता सुखदेव सिंह तथा रामचंद्र सिंह पिता लांजा राम को धारा 302, 201 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मामले के खुलासे में प्रशिक्षु डीएसपी व दरिमा थाना प्रभारी पद्यमश्री तंवर, उपनिरीक्षक सतीश सोनवानी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक इमिल लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक एएस राजवाड़े, सहदेव वर्मन, प्रधान आरक्षक राजेंद्र तिर्की, आरक्षक संजय कुजूर, रामधन यादव, अभिषेक राठौर, मनीष सिंह, महिला आरक्षक मेरी क्लारेट तिर्की सक्रिय रहे।