
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं ने सरगुजा संभाग में ठंड का असर बढ़ा दिया है। पिछले तीन दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। वहीं, मैनपाट सहित संभाग के पहाड़ी इलाकों में पारा 10 डिग्री के आसपास पहुंचने से सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस होने लगी है। नवंबर के पहले पखवाड़े में ही ठंड के बदले तेवर ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है।
आमतौर पर नवंबर महीने में सरगुजा संभाग में ठंड की शुरुआत हो जाती है, लेकिन इस बार शुरुआती दिनों में ही तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले दिनों चक्रवातीय तूफान अर्णव के प्रभाव के बाद मौसम साफ होते ही ठंड ने जोरदार दस्तक दी। आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का लगातार प्रवाह बने रहने से रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है।
यह भी पढ़ें- सरगुजा पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे के विशेष अभियान में 88 फरार वारंटी गिरफ्तार
आगे और गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में तमिलनाडु तट के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बादल छाने की संभावना है, लेकिन उत्तरी छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग में इसका विशेष प्रभाव पड़ने के आसार नहीं हैं। ऐसे में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रवाह जारी रहने पर सरगुजा संभाग में ठंड और बढ़ सकती है।
ऐसा रहा अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान
दिनांक तापमान