
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कबरा हाथी को आखिरकार छठवें दिन ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाने में सफलता मिल गई। समुद्रतल से लगभग 670 मीटर की ऊंचाई पर रामगढ़ की खड़ी चढ़ाई वाले जंगल में लगभग चार घण्टे में हाथी को बेहोश कर कालर आइडी लगाने का आपरेशन पूरा किया गया।
कबरा हाथी को होश में लाने के बाद उसी स्थल पर छोड़ दिया गया है। इसी क्षेत्र में 17 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इसी झुंड के साथ वह आपरेशन शुरू होने के साथ ही शामिल हो गया था। अब कबरा हाथी की पल-पल की लोकेशन की जानकारी मिल सकेगी। यदि उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया तो उसे अब आसानी से पकड़ रेस्क्यू सेंटर में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
वन्य जीव विशेषज्ञ डा जयकिशोर जड़िया,डा पीके चंदन के साथ ट्रेकरों और महावतों ने कबरा हाथी को ऐसे स्थल पर ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाया जहां सिर्फ पैदल ही पहुंचा जा सकता था। उसमें भी लगभग आधा घण्टे का समय लग रहा था। खड़ी चढ़ाई,घने जंगल के बीच इस सफल आपरेशन में ट्रेकरों और महावतों ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहां तक सीढ़ी के साथ सारे संसाधन पहुंचाने पड़े। अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण होने से वन विभाग को भी बड़ी राहत मिली है।
13 नवंबर - प्रशिक्षित कुमकी हाथियों के साथ 120 लोगों की टीम उदयपुर के सायर पहुंची। लोकेशन ट्रेस किया गया। अनुकूल स्थिति नहीं बनी।
14 नवंबर - लोकेशन ट्रेक करने के दौरान पता चला कि कबरा हाथी झुंड में शामिल हो गया है। उसे ट्रेंक्यूलाइज करने में सफलता नहीं मिली।
15 नवंबर - कबरा हाथी को झुंड से अलग करने का सारा प्रयास विफल। रात को झुंड के साथ कबरा हाथी पहुंच गया रामगढ़ के जंगल में।
16 नवंबर - रामगढ़ जंगल क्षेत्र में हाथियों का लोकेशन ट्रेस किया गया।विशेषज्ञ जब कुमकी हाथियों के साथ जंगल में घुसे तो कबरा हाथी ने भगदड़ मचा दी। ट्रेंक्यूलाइज करने में सफलता नहीं मिली।
17 नवंबर : उदयपुर के तेंदूटिकरा और सरमा के बीच जंगल में हाथी पहुंच गए थे। कबरा भी झुंड में था। रात को हाथी फिर रामगढ़ की पहाड़ी में लौट आए।
18 नवंबर : दोपहर 12:15 बजे झुंड के बीच में ही कबरा हाथी की पहचान कर ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी पहनाया गया।
कबरा हाथी को ऐसे पहाड़ी पर ट्रेंक्यूलाइज किया गया था जहां से उसे नीचे लाना संभव नहीं था और न ही ट्रक अथवा दूसरे बड़े संसाधन वहां तक पहुंचाए जा सकते थे। इसलिए उसे ट्रेंक्यूलाइज कर वहीं छोड़ना पड़ा। कबरा हाथी को कालर आइडी लगाने के बाद अगले तीन दिन तक उसकी निगरानी होगी। टीम के सदस्य उसी क्षेत्र में रहेंगे। कबरा हाथी के साथ झुंड के हाथियों पर नजर रखी जाएगी। उनके व्यवहार का अध्ययन किया जाएगा। वन अधिकारियों को उम्मीद है कि कबरा हाथी फिर से झुंड में शामिल हो जाएगा क्योंकि छह दिनों से वह झुंड के साथ ही था। उसके व्यवहार का अध्ययन भी किया जाएगा। यदि लगा की अब भी उसका व्यवहार आक्रामक और हिंसक है तो उसे पकड़ कर रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा।
अभियान में मुख्य वन संरक्षक प्रणय मिश्रा के साथ वन्य सीसीएफ दिलराज प्रभाकर,वन्य जीव विशेषज्ञ डा जयकिशोर जड़िया, डा पीके चंदन, सूरजपुर डीएफओ विपुल अग्रवाल, सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल, तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व के उप निदेशक सौरभ सिंह तथा एसडीओ कुणाल मिश्रा सहित सूरजपुर एवं सरगुजा वनमंडल का अमला प्रशिक्षित हाथी तीरथ राम,दुर्योधन व महावत , ट्रैकर का दल सक्रिय रहा। इस अभियान की सफलता वन विभाग के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
रेडियो पट्टा हाथी की हर गतिविधि की जानकारी वन विभाग को देता है। इससे हाथी की जगह, दिशा और गति का पता चलता है। गांव की ओर बढ़ने पर पहले से सूचना मिल जाती है, जिससे जान-माल का नुकसान कम होता है। झुंड की चाल, ठहराव और भोजन की जगह की जानकारी मिलती है। बीमार, घायल और झुंड से अलग हुए हाथी को जल्दी खोजा जा सकता है।
हाथी के गले में बांधा जाने वाला यह विशेष यंत्र संकेत भेजता रहता है। यह संकेत उपग्रह और रेडियो फ्रीक्वेंसी के माध्यम से वन विभाग के नियंत्रण कक्ष तक पहुंचता है। इससे मानचित्र पर हाथी की सही जगह दिखाई देती है।
रामगढ़ की पहाड़ी पर कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कालर लगा दिया गया है। अगले तीन दिन तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। झुंड में वह शामिल हो गया था। छह दिनों से बाहर नहीं निकला था। हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के जंगल में ही विचरण कर रहा है। उम्मीद है कि इसी नैसर्गिक क्षेत्र में कबरा हाथी भी झुंड के साथ रहेगा। आक्रामकता और हिंसक व्यवहार नजर आने पर उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा। डा प्रणय मिश्रा मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी सरगुजा