
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम करसी के पास तेज गति की पिकअप ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया।
हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में मौत हो गई।
बाइक पर पीछे बैठी मृतक की पत्नी भी घायल हुई है। मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था। राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी शिवकुमार गोंड पिता ठिगू राम गोंड (35) अपने गांव के दोस्त मनीष यादव और पत्नी राजकुमारी के साथ किसी काम से प्रतापपुर गया था।
ग्राम करसी के पास हुआ हादसा
काम निपटाकर तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस गोपालपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम करसी के पास सामने से आ रही पिकअप के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में मनीष यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार गोंड को तत्काल प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया।
हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
हादसे में शिवकुमार की पत्नी राजकुमारी को भी चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एक ही हादसे में दो दोस्तों की मौत से गोपालपुर गांव में मातम पसर गया है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में धारा 163 लागू, अगले 2 महीने तक बिना अनुमति धरना, रैली और प्रदर्शन पर लगा प्रतिबंध