
नईदुनिया न्यूज,बलरामपुर : बलरामपुर नगर से कलेक्ट्रेट मार्ग पर नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग के एलाइनमेंट में तकनीकी चूक के कारण हादसे होने लगे हैं। अधौरा अटल चौक के पास सड़क पर बने तीखे और खतरनाक मोड़ पर टमाटर से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर टमाटर बिखर गए, जिन्हें ले जाने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन निर्माणाधीन सड़क की बनावट और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप तेज गति में नहीं था, लेकिन अटल चौक के पास आते ही तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मोड़ सही तरीके से नहीं बनाया गया है। एलाइनमेंट में गड़बड़ी के कारण यहां पहले से ही दुर्घटना की आशंका जताई जा रही थी।
अधौरा अटल चौक के पास सड़क के एलाइनमेंट को लेकर जनप्रतिनिधियों ने पहले भी आपत्ति जताई थी। नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद अमित गुप्ता, गौतम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण के दौरान ही मोड़ में सुधार की मांग की थी। इस संबंध में सड़क सुरक्षा समिति को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन ठेकेदार और संबंधित विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि यदि समय रहते तकनीकी जांच कर सुधार कर दिया जाता तो इस तरह के हादसे टाले जा सकते थे। अब सड़क पूरी तरह बनने और वाहनों की रफ्तार बढ़ने के बाद बड़े हादसे की आशंका और बढ़ गई है।बलरामपुर से कलेक्ट्रेट मार्ग पर दिनभर वाहनों और आम लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई, मोड़ और एलाइनमेंट का सुरक्षित होना जरूरी है।
पिकअप पलटने की घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने एनएचएआइऔर भू-अर्जन अधिकारी से मौके का निरीक्षण कर एलाइनमेंट की समीक्षा की मांग की है।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते तीखे मोड़ में सुधार नहीं किया गया और भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी एनएचएआइ, भू-अर्जन अधिकारी और जिला प्रशासन की होगी।