
अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जुलाई महीने में भी उत्तरी छत्तीसगढ़ में वर्षा की डांवाडोल स्थिति बनी हुुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक क्षेत्र में अच्छी वर्षा की संभावना कम है। शुक्रवार को भी अंबिकापुर मेें काले बादल तो छाए लेकिन खंड वर्षा हुई। ये स्थिति पिछले वर्ष के समान ही बनी हुई है। अब तक के वर्षा के आंकड़ों में सरगुजा संभाग में दक्षिण- पश्चिम मानसून की स्थिति पिछले साल की स्थिति को दुहराता हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक जून से 20 जुलाई 2022 की अवधि में अंबिकापुर में 223.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इस वर्ष यह आंकड़ा 225.6 मिमी है। इस बीच कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी गांव-गांव भ्रमण कर खेती की स्थिति का जायजा लेने जुटे हैंं। अधिकारी-कर्मचारी किसानों को वर्षा की स्थिति को देखते हुए धान के साथ-साथ दलहन-तिलहन की खेती करने प्रोत्साहित कर रहे हैं। कलेक्टर कुंदन कुमार खुद स्थिति की मानिटरिंग करने लगातार बैठक भी ले रहे हैं।
उत्तर की जगह दक्षिण छत्तीसगढ़ में सिस्टम ज्यादा सक्रिय-
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार इस वर्ष बंगाल की खाड़ी ने दक्षिण छत्तीसगढ़ी का रुख कर लिया है। परिसंचरण के दक्षिण झुकाव के कारण द्रोणिका अपने सामान्य अवस्था से दक्षिण की ओर विचलित हो कर इस समय रायपुर, सागर से हो कर गुजर रही है। वर्तमान में बने खाड़ी के चक्रवाती घेरे का झुकाव भी उत्तर की जगह दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर ही दिख रहा है। फिलहाल अगले पांच दिनों तक सरगुजा जिले में स्थानीय स्तर पर कुछ जगहों में हल्की वर्षा की स्थिति रहेगी। इस दौरान भारी वर्षा की संभावना कम है।
20 जुलाई तक जिले में वर्षा की स्थिति -
वर्ष 2022 2023
बतौली 107.9 108
लखनपुर 269.4 114.3
लुंड्रा 31.0 87.1
मैनपाट 196.5 182.8
सीतापुर 142.4 251.4
उदयपुर 162.7 106.9
मैदानी अमला किसानों से जानकारी लेने में जुटा-
अपर कलेक्टर एएल ध्रुव ने राजस्व, कृषि तथा अन्य संबंधित विभागों की वर्चुअल बैठक लेकर समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान किसानों से चर्चा कर बीज मांग, फसल मांग, बोनी प्रतिशत, रकबा, खाद बीज की उपलब्धता आदि के सम्बन्ध में जानकारी एकत्र करें तथा उन्हें प्रोत्साहन बीज के विषय में बताएं। खाद्य एवं बीज निगम के अधिकारियों को कहा कि प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार किसानों की बीज मांग के आधार पर बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने एसडीएम को अपने स्तर पर तहसीलदारों, एसएडीओ, राजस्व निरीक्षकों, पटवारियों की बैठक लेकर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। बता दें कि सरगुजा जिले में अब तक 164 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह सामान्य से 68 प्रतिशत कम है।