
अम्बिकापुर। एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र की न्यू कुमदा में भूमिगत खदान में शुक्रवार की सुबह छत गिरने से माइनिंग सरदार राजेन्द्र प्रसाद (54) पिता शिव नंदन और ब्लास्टिंग क्रू मेंबर अजय कुमार सिंह (48) पिता राजदेव सिंह की छत के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में ब्लास्टिंग क्रू मेंबर बिजेन्द्र नाथ और लाइन मिस्त्री शिव प्रसाद को गंभीर चोटें आई हैं।
माइनिंग सरदार राजेन्द्र कुमदा पार्क कालोनी में रहते थे, वहीं अजय कुमार सिंह विश्रामपुर की चोपड़ा कॉलोनी के रहने वाले हैं। यह घटना खदान के 24 डिस्ट्रीक्ट के 20 लेबिल में घटित हुई है। मृतक माइनिंग सरदार इन तीनों कर्मचारियों के साथ खदान के 24 लेबिल डिक्लरिंग डिस्ट्रीक्ट में गोफ एरिया को नीचे गिराने के लिए इन्ड्यूज ब्लास्टिंग करने के लिए छत के होल को चार्जिंग का काम कर रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। छत का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर गया और इसके नीचे दबने से राजेन्द्र प्रसाद और अजय की मौत हो गई। अन्य दोनों कर्मचारियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
कोयले की चट्टान के नीचे दबे दोनों शवों को निकालने के लिए खदान में कवायद जारी है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय महाप्रबंधक सतीश श्रीवास्तव, सूरजपुर एसपी गिरिजा शंकर जायसवाल पूरी टीम के साथ खदान परिसर में डटे हुए हैं। इनके अलावा श्रमिक नेताओं के साथ अन्य कई लोग वहां मौजूद हैं। घटना की वजह से खदान में कोयला उत्पादन सुबह से पूरी तरह ठप है।