
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण रहा जब देश के तेज धावक अनिमेष कुजूर को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में अनिमेष का सम्मान किया गया।
समारोह में सरगुजा पुलिस में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर के सुपुत्र अनिमेष कुजूर की ऐतिहासिक उपलब्धियों को याद किया गया। आइजी व एसएसपी ने अपने उद्बोधन में कहा कि अनिमेष की यह असाधारण सफलता न केवल पुलिस परिवार बल्कि पूरे सरगुजा और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।अनिमेष के पिता अमृत कुजुर सरगुजा जिले में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं। अनिमेष ने सैनिक स्कूल अंबिकापुर से पढ़ाई की है।
दो जून 2003 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम घुईटांगर में जन्मे अनिमेष एक पुलिस अधिकारी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और बस्तर के संघर्षशील मैदानों से निकलकर विश्व मंच तक का सफर तय किया है।अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर जर्मनी के वेट्जलर में विदेश में सबसे तेज भारतीय होने का गौरव हासिल किया है।
साथ ही 200 मीटर में 20.32 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उनके नाम है। वे डायमंड लीग में दौड़ने वाले और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक हैं। उन्होंने एशियाई खेल 2026 और एशियाई रिले चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा सीनियर फेडरेशन कप 2026 और इंटर-स्टेट 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के अंत में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि का उत्साह मनाया गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित 'साइबर जागृति अभियान' में सरगुजा पुलिस ने सरगुजा रेंज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा द्वारा एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बंसोड़ (आइपीएस), उप पुलिस अधीक्षक तुल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा, प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवार उपस्थित रहे।