
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में सोशल मीडिया पर चल रहा आरोप-प्रत्यारोप अब सड़क से थाने तक पहुंच गया है। पिछले कई दिनों से यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो और भाजपा नेता धीरज सिंह के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था, जिसके बाद दोनों आमने-सामने आ गए।
यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो ने भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि धीरज सिंह ने उनका रास्ता रोका, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बाद पुलिस धीरज सिंह को पकड़कर थाने ले आई।
धीरज सिंह को थाने लाए जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। थानेदार के चैंबर में सीएसपी राहुल बंसल (आईपीएस) से उनकी तू-तू मैं-मैं भी हुई। हंगामे के बाद भाजपाई धीरज को अपने साथ थाने से ले गए।
प्राथमिकी की जानकारी मिलने के बाद देर शाम भाजपा कार्यकर्ता फिर थाने पहुंचे। उन्होंने यूट्यूबर और अकील अहमद के खिलाफ केस दर्ज कराया है। भाजपा का आरोप है कि दोनों ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है और शहर में सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का काम किया है।
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह विवाद अब दोहरी FIR तक पहुंच गया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच कर रही है। शहर में इस मामले को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है।