
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : अंबिकापुर की कोतवाली पुलिस ने यू-ट्यूबर आकांक्षा टोप्पो को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो और होलीक्रास महिला महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अकील अहमद के विरुद्ध तीन दिन पहले केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो को न्यायालय में प्रस्तुत किया। उसके जमानत आवेदन का विरोध भी हुआ। सभी पक्षों को सुनने के बाद न्यायालय ने जमानत याचिका खारिज कर दी। न्यायालय से आकांक्षा को जेल भेज दिया गया है।
आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सरगुजा के अलग-अलग थानों में पहले से ही केस दर्ज हैं। इस प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी गई है।आकांक्षा टोप्पो पर इंटरनेट मीडिया पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध लगातार अमर्यादित टिप्पणी करने,सामाजिक सौहाद्र बिगाड़ने का प्रयास करने,आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने और सामाज पर नकारात्मक असर डालने वाली टिप्पणी करने का आरोप है। इस तरह की टिप्पणियों का समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की शिकायत की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ धारा 196(1), 352, 353 (2) के तहत केस दर्ज किया था।
आकांक्षा टोप्पो जशपुर जिले के इचकेला गांव की रहने वाली है। इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहने वाली आकांक्षा के फेसबुक पर तीन लाख 53 हजार, इंस्टाग्राम पर तीन लाख 90 हजार और यूट्यूब पर 30 हजार 800 फॉलोवर्स हैं। पहली बार यह जर्जर सड़कों को लेकर तैयार वीडियो को लेकर चर्चा में आई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री से लेकर अन्य मंत्रियों और राजनैतिक दलों से जुड़े लोगों के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का उपयोग कर वीडियो बनाने के साथ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने लगी थी।
जेल भेजो के लगे नारे
बुधवार को पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार किया। उसका मेडिकल कालेज अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। शाम को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। आकांक्षा टोप्पो के गिरफ्तारी की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग कोर्ट परिसर पहुंच गए थे। पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच उसे न्यायाधीश के कक्ष तक पहुंचाया। इस दौरान कुछ युवाओं ने उसके विरुद्ध नारेबाजी भी की।
विरोध की संभावना को देखते हुए सीएसपी राहुल बंसल समेत पुलिस बल न्यायालय परिसर में तैनात रहा। सर्व आदिवासी समाज ने गलत तरीके से गिरफ्तारी का आरोप लगाया है। इससे पहले भी आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सीतापुर थाने में केस दर्ज हो चुका है। सीतापुर थाने में आकांक्षा टोप्पो को पुलिस ने चेकलिस्ट पर समझाइश देकर छोड़ दिया था।
इंटरनेट मीडिया के विवाद ने पहुंचाया जेल
सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में इंटरनेट मीडिया पर चल रहा आरोप-प्रत्यारोप पहले सड़क से थाने तक पहुंचा और आखिरकार यू ट्यूबर को जेल जाना पड़ा। यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो और भाजपा नेता धीरज सिंह के बीच कई दिनों से चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बाद रविवार को विवाद सड़क पर आ गया था। यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो ने भाजपा नेता पर रास्ता रोककर जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में प्राथमिकी कराई थी।
पुलिस ने भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ एसटी-एससी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। इसके बाद यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट कर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का आरोप लगा शैलेंद्र शर्मा के लिखित शिकायत पर केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आवेदन पर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत केस दर्ज किया था।