• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • अंबिकापुर

प्रभारी अधीक्षिका की मनमानी से तंग आईं छात्राएं, सूरजपुर कलेक्टोरेट में शिकायत, वार्डन पर प्रताड़ित करने का आरोप

सूरजपुर के पंडित रेवतीरमण मिश्र शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कन्या छात्रावास की छात्राओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर रेना जमील से प्रभारी अधीक्...और पढ़ें

By Anang Pal DixitEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 05:19:48 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 05:19:48 PM (IST)
प्रभारी अधीक्षिका की मनमानी से तंग आईं छात्राएं, सूरजपुर कलेक्टोरेट में शिकायत, वार्डन पर प्रताड़ित करने का आरोप
कलेक्टर से शिकायत करने जाती छात्राएं फोटो नईदुनिया

HighLights

  1. सूरजपुर कन्या छात्रावास की छात्राएं शिकायत लेकर पहुंचीं कलेक्टोरेट।
  2. प्रभारी अधीक्षिका पर सादे कागज पर हस्ताक्षर और कमीशन के आरोप।
  3. प्राचार्य का बयान- निर्देश के बाद भी नहीं सौंपा गया प्रभार।

नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर : नगर के पंडित रेवतीरमण मिश्र शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कन्या छात्रावास का विवाद गुरुवार शाम को कलेक्टाेरेट पहुंच गया। छात्रावास की छात्राओं ने जिला संयुक्त कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर रेना जमील से मुलाकात की और प्रभारी छात्रावास अधीक्षिका नीरजा भगत के खिलाफ गंभीर शिकायतें रखते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने जांच करा अग्रिम कार्रवाई का भरोसा दिया।

छात्राओं की शिकायत में कथित दबाव बनाने, अमानवीय व्यवहार, सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने तथा मेस संचालन करने वाले महिला स्व सहायता समूह से हर माह कमीशन मांगने जैसे आरोप लगाए गए हैं। कलेक्टर ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई का भरोसा दिया है।


छात्राओं के अनुसार, महाविद्यालय में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत नीरजा भगत को वर्तमान में कन्या छात्रावास का प्रभारी अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, नए छात्रावास अधीक्षक के रूप में वीरेंद्र सिन्हा की नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन उन्हें अब तक छात्रावास का प्रभार नहीं सौंपे जाने को लेकर भी छात्राओं ने सवाल उठाए हैं।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रभारी अधीक्षिका द्वारा आए दिन उन्हें परेशान किया जाता है और विभिन्न मामलों में दबाव बनाया जाता है। छात्राओं के मुताबिक छात्रावास में मेस संचालन करने वाले महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं से हर माह कमीशन की मांग किए जाने को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी रहती है।

सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का आरोप

शिकायत का सबसे गंभीर पहलू छात्राओं से हाल ही में सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए जाने का आरोप है। छात्राओं का कहना है कि जिस कागज पर उनसे हस्ताक्षर कराए गए, उस पर बाद में क्या लिखा जाएगा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी प्रभारी अधीक्षिका पर होने की बात कहते हुए मामले की जांच की मांग की है। छात्राओं के अनुसार इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य से भी शिकायत की जा चुकी है।

वार्डन के समर्थन में उतरीं छात्राएं

छात्राओं ने हास्टल वार्डन रीना ताज के व्यवहार की सराहना करते हुए उन्हें प्रेमपूर्ण और मित्रवत बताया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रभारी अधीक्षिका द्वारा वार्डन पर कुछ छात्राओं को नाइट आउट की अनुमति देने का दबाव बनाया गया था। वार्डन द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद उन्हें भी कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप छात्राओं ने लगाया है। छात्राओं ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और छात्रावास में शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्राचार्य ने भी माना, अब तक नहीं मिला प्रभार

पंडित रेवतीरमण मिश्र शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य एचएन दुबे ने कहा कि शिकायत संज्ञान में आई है। मैंने भी करीब पखवाड़े भर पहले प्रभारी अधीक्षिका को नवपदस्थ अधीक्षक को प्रभार सौंपने का निर्देश दिया था, लेकिन अभी तक प्रभार नहीं सौंपा गया है। छात्रावास की छात्राओं के अधीक्षिका के विरुद्ध शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंचने की जानकारी मिली है।