
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। अंबिकापुर से शहडोल, अनूपपुर और दुर्ग सहित अन्य क्षेत्रों के लिए चलने वाली ट्रेनें आए दिन घंटों विलंब से पहुंच रही हैं। लंबे समय से बनी इस समस्या को लेकर यात्रियों ने कई बार शिकायतें कीं।
जनप्रतिनिधियों तक भी मामला पहुंचा, लेकिन रेल परिचालन की स्थिति में सुधार नहीं हो सका है। इसका खामियाजा नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और जरूरी काम से दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
गुरुवार को शहडोल से अंबिकापुर आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। शहडोल से इस ट्रेन के रवाना होने का निर्धारित समय दोपहर 2:45 बजे है, लेकिन ट्रेन करीब तीन घंटे की देरी से शाम 5:40 बजे रवाना हुई। इसके चलते रात 10:30 बजे छूटने वाली दुर्ग ट्रेन के करीब 11:30 से 12 बजे के बीच अंबिकापुर से रवाना होने की स्थिति बनी।
दुर्ग से अंबिकापुर आने वाली ट्रेन भी गुरुवार सुबह करीब दो घंटे विलंब से पहुंची। इसके कारण शहडोल के लिए आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। बता दें कि दुर्ग से अंबिकापुर आने वाली रैक को अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाता है।
अंबिकापुर-अनूपपुर मेमू ट्रेन की स्थिति भी इससे अलग नहीं रही। शाम 6:10 बजे रवाना होने वाली यह ट्रेन गुरुवार रात करीब 9 बजे अंबिकापुर से रवाना हुई। तीन घंटे की देरी से यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हुई, वहीं अनूपपुर से दूसरी कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने वाले कई यात्रियों की यात्रा योजना भी बिगड़ गई।
यात्रियों का कहना है कि मालगाड़ियों की आवाजाही बढ़ने के कारण यात्री ट्रेनों को जगह-जगह रोक दिया जाता है। कई बार यात्री ट्रेनें लंबे समय तक खड़ी रहती हैं, जबकि उनके निर्धारित समय का पालन नहीं हो पाता। इसका असर पूरे रेल परिचालन पर पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को होती है, जिन्हें अनूपपुर, शहडोल या आगे के स्टेशनों से दूसरी ट्रेन पकड़नी होती है। ट्रेन लेट होने से टिकट और यात्रा की योजना के बावजूद उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी उठानी पड़ती है।
विडंबना यह है कि ट्रेनों की समयबद्धता सुधारने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं रेल अधिकारियों द्वारा पहले भी आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है। यात्रियों का सवाल है कि यदि मालगाड़ियों की आवाजाही के कारण यात्री ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं तो इसके लिए बेहतर परिचालन व्यवस्था क्यों नहीं बनाई जा रही है। लगातार हो रही लेटलतीफी ने रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और यात्री सुविधाओं के प्रति उसकी गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।