अंबिकापुर। कांग्रेस के भारत जोड़ो पदयात्रा ने शहर में जोर पकड़ लिया है। हर रोज अलग-अलग क्षेत्रों में काग्रेस नेताओं के अगुवाई में यात्रा निकल रही है। बुधवार को अपरान्ह तीन बजे नगर के ब्रह्म मंदिर से यह यात्रा महापौर डा अजय तिर्की, शहर अध्यक्ष हेमंत सिन्हा ,एल्डरमैन संजीव मंदिलवार जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष इस्लाम खान, पार्षद संध्या रवानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण मिश्रा की अगुवाई में निकली। यहां से राम मंदिर रोड होते हुए पैलेस मार्ग, जोड़ा तालाब,कैलाश मोड़ ,शिशु मंदिर से घड़ी चौक पहुंची।हाथों में ध्वज लेकर कार्यकर्ता चल रहे थे। घड़ी चौक पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कांग्रेसी देवीगंज मार्ग होते हुए संगम चौक पहुंचे। यहां से ब्रह्म रोड होते हुए यात्रा का समापन किया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने रास्ते में संबोधित भी किया और देश को जोड़ने की बात कही।जगह जगह यात्रा का स्वागत भी किया गया।ब्रम्हरोड में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय विश्वकर्मा ,महिला आयोग की सदस्य अनीता विश्वकर्मा के द्वारा पदयात्रा में शामिल लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। पदयात्रा को संबोधित करते हुए महापौर डॉ अजय तिर्की ने कहा कि वर्तमान समय में देश की जो हालत है उससे सभी धर्म और समाज अलग-थलग हो रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ने की जो यात्रा शुरू की है यह पूरे देश को जोड़ने का काम कर रही है। शुरुआती दिनों में ही इसका परिणाम सामने आ रहा है। शहर कांग्रेस के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा ने कहा वर्तमान समय में चल रही इस यात्रा से शहर का माहौल भी बदल रहा है, जो लोग तोड़ने का काम कर रहे हैं उनके मन में भी अब यह बात आ रही है कि हमें किसी के बहकावे में नहीं बल्कि खुद से विचार कर समाज को जोड़ने में विश्वास रखना चाहिए।एल्डरमैन संजीव मंदिलवार ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने पूरे देश में एक नई दिशा दी है। यह यात्रा पूरे देश में अलग-अलग जगह पर चल रही है। हर जगह कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा की ही चर्चा है। कांग्रेस ने शुरू से हिंदुस्तान को एक करने का ही काम किया है। यह यात्रा तोड़ने वालों के लिए एक सबक है। उन्होंने वरिष्ठ नेता व जन जागरण मंच से जुड़े अरुण मिश्रा के द्वारा लगातार पद यात्रा में शामिल होकर लोगों का उत्साह बढ़ाने के प्रति आभार जताया और उन्हें यात्रा के समापन पर सम्मानित भी किया। इस दौरान जिला महामंत्री सैयद अख्तर हुसैन, सतेंद्र तिवारी,शैलेंद्र प्रताप सिंह, मधु दीक्षित, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, जय भगवान अग्रवाल, निखिल विश्वकर्मा, पपिंदर सिंह, परवेज आलम, प्रभात रंजन सिंहा पप्पन, अशोक अग्रवाल, सुधांशु गुप्ता, विकास केसरी, लवकेश पासवान, विनोद एक्का, अरुण मिंज, कपिल अग्रवाल ,शैलेश पांडेय, मनोज पांडेय, पूर्णिमा सिंह, इंद्रजीत धंजल,जीवन यादव, गीता प्रजापति, गीता श्रीवास्तव, जमील खान ,दीनू सोनी,देवेश त्रिपाठी,तृप्तराज सिंह धंजल, राजा पाठक, हाहु,सिरबल,गेंदल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
यात्रा में दिखा सांप्रदायिक सद्भाव
यात्रा के दौरान सांप्रदायिक सद्भाव भी दिखा। कांग्रेस से जुड़े अलग-अलग धर्म के कांग्रेस नेता एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे।यही सद्भाव लोगों को दिखाने का दिखाने का प्रयास भी किया जा रहा था।उत्साह के साथ यात्रा में सभी शामिल हुए और भारत जोड़ने के साथ एकता और भाईचारा के नारे भी लगा रहे थे।