
नईदुनिया न्यूज, बतौली: बतौली से बगीचा जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। करोड़ों रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण की धीमी गति और कार्य में बरती जा रही उदासीनता के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की वर्तमान स्थिति ऐसी है कि बारिश होने पर जगह-जगह कीचड़ जमा हो जाता है।
इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर सड़क कीचड़ से सराबोर हो जाती है, जहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। वहीं बारिश नहीं होने पर इसी मार्ग पर अत्यधिक धूल उड़ती है, जिससे राहगीरों, स्थानीय ग्रामीणों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को परेशानी होती है।
गौरतलब है कि निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर पूर्व में जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। स्थिति जस की तस बनी हुई है और आमजन को रोजाना परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी और अन्य राहगीर इसी सड़क से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य की धीमी गति और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जिम्मेदारों द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। नागरिकों ने संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाने, कीचड़ और धूल से राहत दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर के बैजनपाठ में 46 लाख का सोलर पंप दो साल से बंद, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे आदिवासी