
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुटिकरा में शनिवार को हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। खेत के कीचड़ में फंसे ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास कर रहे चालक के ऊपर ही ट्रैक्टर पलट गया, जिससे वह नीचे दब गया। जब तक उसे निकाला जाता उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक बालम सिंह नेटी ग्राम पंचायत रामनगर का रहने वाला था। स्वजन ने बताया कि बालम सिंह अपने रिश्तेदार के घर ग्राम तेंदुटिकरा में ट्रैक्टर से नागर जोताई का काम करने गया था। जोताई के दौरान ट्रैक्टर का इंजन खेत के कीचड़ में बुरी तरह फंस गया था।
ट्रैक्टर को बाहर निकालने के लिए उसमें लगे नागर को खोल दिया गया। इसके बाद केचव्हील में दोनों तरफ मोटी-मोटी बल्ली फंसाकर ट्रैक्टर को बाहर खींचने की कोशिश की जा रही थी। बल्ली के सहारे खींचते समय अचानक ट्रैक्टर का अगला हिस्सा ऊपर उठ गया और गाड़ी पीछे की तरफ पलट गई। इससे चालक बालम सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के कारण खेतों में कीचड़ अधिक है, जिससे अक्सर ट्रैक्टर फंसने की घटनाएं होती हैं। घटना से स्वजन में शोक का माहौल है।