सरगुजा के थोक किराना के मशहूर व्यापारी त्रिलोकचंद गोयल की दर्दनाक मौत, कीचड़ में फिसलते ही ट्रेलर ने रौंदा
सीतापुर में एनएच-43 के जानलेवा गड्ढे और कीचड़ में स्कूटी फिसलने से गिरे बुजुर्ग व्यापारी त्रिलोकचंद गोयल को ट्रेलर ने कुचल दिया, मौत के हाईवे से हड़कंप।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 05:09:14 PM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 05:09:14 PM (IST)
घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़HighLights
- एनएच-43 का जानलेवा गड्ढा बना काल।
- कीचड़ में फिसली स्कूटी, ट्रेलर ने रौंदा।
- बुजुर्ग व्यापारी की मौके पर दर्दनाक मौत।
नईदुनिया प्रतिनिधि,सीतापुर : राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की बदहाली ने एक बुजुर्ग व्यवसायी की जान ले ली। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और कीचड़ में फंसकर स्कूटी से गिरे व्यवसायी को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों में राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार नगर के प्रतिष्ठित थोक किराना व्यवसायी 70 वर्षीय त्रिलोकचंद गोयल गुरुवार शाम करीब छह बजे अपनी स्कूटी से व्यवसायिक कार्य से बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सरगुजा साड़ी हाउस के पास पहुंचे, राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गहरे गड्ढे में स्कूटी का पहिया फंस गया।
सड़क पर फैले कीचड़ के कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और वे सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से रायगढ़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक यूपी 78 जे एन 2987 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर का पिछला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खराब है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। हल्की बारिश में ही गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों का चलना दूभर हो गया है। पैदल चलने वाले लोग भी फिसल कर गिर रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- सरगुजा के गोरता में पांच महीने से राशन नहीं मिलने पर भड़के ग्रामीण, दुकान में जड़ा ताला
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन देरी होने पर मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने स्ट्रेचर पर शव को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल दल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर थाने लाया है। इस दुखद हादसे को लेकर सीतापुरवासियों में शोक व आक्रोश है। सीतापुर में सड़क की बदहाली को लेकर पहले भी आंदोलन हो चुका था।अब इस सड़क को फोरलेन बनाने की स्वीकृति हुई है जिसका शिलान्यास भी किया गया है लेकिन वर्तमान में सड़क की हालत बेहद खस्ताहाल हो चुकी है।