भोजपुरी कलाकार एवं सांसद दिनेश लाल निरहुआ के कार्यक्रम में हंगामा, नाराज दर्शकों ने तोड़ी कुर्सियां
दर्शक यहां शाम 5 बजे से ही आना प्रारंभ हो गए थे एवं 7 बजते बजते पूरी कुर्सियां भर गई थी। दिनेश लाल निरहुआ के साथ भोजपुरी की सुप्रसिद्ध नायिका आम्रपाली ...और पढ़ें
By Asim Sen GuptaEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Wed, 17 Jan 2024 02:23:12 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jan 2024 02:23:12 PM (IST)
तातापानी में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का अंतिम दिनHighLights
- दर्शकों का गुस्सा आखीर क्यो फूट पड़ा
- छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी प्रांत झारखंड और उत्तरप्रदेश से भी लोग पहुंचे थे
- पुलिस बल ने किया नियंत्रित
अंबिकापुर (नईदुनिया न्यूज)। बलरामपुर जिले के तातापानी में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन दर्शकों ने जमकर हंगामा मचाया। अंतिम दिन लोकसभा सदस्य और भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव निरहुआ का कार्यक्रम था। निरहुआ निर्धारित समय से विलंब से मंच पर पहुंचे। उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए दर्शक बेचैन थे लेकिन भाषणबाजी और औपचारिकता में ही ज्यादा समय बीत गया।
बमुश्किल आधे से पौन घण्टे तक ही निरहुआ ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम समापन की जानकारी मिलते ही श्रोताओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज दर्शकों, श्रोताओं ने आयोजन स्थल पर सैकड़ों कुर्सियां तोड़ दी। जब तक पुलिसकर्मी मामले को शांत कर पाते तब तक भारी नुकसान हो चुका था। भीड़ के गुस्से को देखते हुए अंत तक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए तैनात रखा गया।
भोजपुरी सिने स्टार व लोकसभा सदस्य दिनेश लाल यादव निरहुआ व आम्रपाली दुबे का कार्यक्रम तातापानी महोत्सव के अंतिम दिन प्रस्तावित था। मंगलवार को महोत्सव के अंतिम दिन हजारों की भीड़ तातापानी में जुटी थी। छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी प्रांत झारखंड और उत्तरप्रदेश से भी लोग पहुंचे थे। सभी निरहुआ की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को लेकर उत्साहित थे। निरहुआ का कार्यक्रम सात बजे से प्रस्तावित था। उसके पहले ही मुख्य मंच के सामने सारी कुर्सियां भर चुकी थी।
चारों ओर लोग खड़े होकर कार्यक्रम आरंभ होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। निर्धारित समय से लगभग ढाई घण्टे विलंब से निरहुआ मंच पर पहुंचे। उनके स्वागत में लंबा समय लगा। विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए भी निरहुआ बलरामपुर जिले में पहुंचे थे। उन्होंने अपना उद्बोधन भी दिया। भाषणबाजी में भी समय निकल गया। इसके बाद उनकी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां आरंभ हुई। बमुश्किल चार से पांच गानों की प्रस्तुति उन्होंने दी।
रात लगभग साढ़े 10 बजे तक कार्यक्रम समापन की घोषणा होने लगी। इससे दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा।दर्शकों ने आरोप लगाया कि निरहुआ का कार्यक्रम देखने वे तातापानी महोत्सव में पहुंचे थे।यहां सांस्कृतिक प्रस्तुति से ज्यादा समय भाषणबाजी में बर्बाद कर दिया गया। नाराज दर्शकों ने आयोजन स्थल पर हंगामा करना शुरू कर दिया।देखते ही देखते लोगों ने कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दी।
सैकड़ो कुर्सियां तोड़ दी गई। जब तक पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित कर पाते तब तक माहौल बिगड़ चुका था। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली। इधर अतिथियों के साथ आमंत्रित कलाकार भी मंच से जा चुके थे। बाद में कई घण्टो तक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। इधर दर्शकों की ओर से आयोजकों के प्रति नाराजगी जाहिर की जाती रही।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को थोड़ी सख्ती भी दिखानी पड़ी।समापन समारोह में शामिल होने के लिए कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल भी तातापानी पहुंचे थे। समूचा प्रशासनिक अमला और बलरामपुर जिले के जनप्रतिनिधि भी तातापानी में ही थे। इस घटना से तातापानी महोत्सव में टेंट- पंडाल की व्यवस्था करने वाले संचालक को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
बलरामपुर रामानुजगंज। तातापानी महोत्सव के आखिरी दिन मंगलवार को भोजपुरी के सुप्रसिद्ध कलाकार एवं सांसद दिनेश लाल निरहुआ का कार्यक्रम तातापानी महोत्सव में आयोजित था।जो रात्रि 9:45 के करीब स्टेज में पहुंचे एवं 10:30 बजे कार्यक्रम समाप्त हो गया जिसे लेकर यहां उपस्थित दर्शको में नाराजगी देखी गई 45 मिनट उनके स्टेज में रहने के दौरान औपचारिकता ही करीब 20 से 25 मिनट चलती रही वहीं उनका कार्यक्रम मात्र आधा घंटा से भी कम समय हो पाया इसके बाद दर्शकों ने हो हंगामा करना शुरू किया एवं बड़ी संख्या में कुर्सियां तोड़ दी गई उपस्थित पुलिस बल के द्वारा किसी प्रकार से भीड़ को नियंत्रित किया गया।
तातापानी महोत्सव के आखिरी दिन छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम एवं श्याम बिहारी जायसवाल पहुंचे थे। तातापानी महोत्सव के आखिरी दिन दर्शकों का जन सैलाब उमड़ पड़ा था। दर्शक यहां शाम 5 बजे से ही आना प्रारंभ हो गए थे एवं 7 बजते बजते पूरी कुर्सियां भर गई थी। दिनेश लाल निरहुआ के साथ भोजपुरी की सुप्रसिद्ध नायिका आम्रपाली दुबे भी पहुंची थी।