
अंबिकापुर। दैवी संपद मंडल एवं सहस्त्र चंडी महायज्ञ समिति अंबिकापुर द्वारा स्वामी शारदानंद सरस्वती जी महाराज के सानिध्य में अंबिकापुर के खरसिया रोड में सहस्त्र चंडी महायज्ञ, संत सम्मेलन एवं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस विराट धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक विविध धार्मिक अनुष्ठान संपादित किए जा रहे हैं। यज्ञ भागवत कथा के साथ सुबह शिवार्चन रुद्राभिषेक का अनुष्ठान भी चल रहा है।शुक्रवार को स्वामी हरिहरानंद सरस्वती ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कोरबा जिले के केंदई में स्थित आश्रम में गौ सेवा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंदई के दिव्य स्थान में गौशाला संचालित की जा रही है।आज के समय में यदि कोई दुखी है तो वह गौ माता ही है।आज गौ माता को आहार देने वाला नहीं मिलता। सनातन धर्म कभी नहीं कहता कि हम लाठी, डंडा लेकर खड़े रहे। गौ सेवा की सीख हमें सनातन धर्म से ही मिलती है। केंदई के दिव्य स्थान में 550 से अधिक गायों की चल रही सेवा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गौशाला संचालन का उद्देश्य गौ माता की सेवा है।यहां दूध नहीं देने वाली गाय भी है। वर्तमान समय में बदली सामाजिक परिस्थितियों पर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती ने कहा कि आज लोग बड़ी-बड़ी कोठी और आलीशान बंगले बना रहे हैं, इनका नक्शा ऐसा बनाया जाता है कि एक गौ माता रखने की जगह नहीं होती. उन्होंने कहा कि गौ माता के नजदीक रहने से बीमारियां दूर होती हैं.हम सब का कर्तव्य होना चाहिए कि कम से कम एक- एक गौ माता की सेवा हम करें. उन्होंने सनातन परंपरा भारतीय सभ्यता और संस्कृति को लेकर भी श्रद्धालुओं के समक्ष खुलकर अपने विचार व्यक्त किए।बता दें कि जनकल्याणार्थ एवं विश्व शांति के लिए अंबिकापुर में नवम दिवसीय नवरात्र पर्व पर सहस्र चंडी महायज्ञ , श्रीमदभागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं संत सम्मेलन परमहंस श्री स्वामी शारदानन्द सरस्वती जी महाराज गुरुदेव के सानिध्य में आयोजित हो रहा है। जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे है।दैवी संपद मंडल व सहस्त्र चंडी महायज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 25 सितंबर से प्रारम्भ हुए इस भव्य आयोजन में प्रतिदिन प्रात: आठ बजे से 8:30 तक दैनिक प्रार्थना इसके उपरांत 8:30 बजे से 12:30 बजे तक यज्ञ व संत सम्मेलन आयोजित हो रहा है।इसके उपरांत कथा व्यास ब्रह्मचारी बृजेश जी शास्त्री प्रयागराज के द्वारा दोपहर 2: 30 बजे से शाम 6:30 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ किया जा रहा है । उक्त आयोजन खरसिया रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने हो रहे हैं। प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से शिव अर्चन और रुद्राभिषेक भी किया जा रहा है इसका दर्शन लाभ भी श्रद्धालु प्राप्त कर रहे हैं आयोजन स्थल पर भव्य यज्ञ मंडप तैयार किए गए हैं बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन यज्ञ में भी शामिल हो रहे हैं ।