
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के सनौद थाना क्षेत्र में किसानों से ठगी का मामला सामने आया है, जहां किसानों को बाजार भाव से अधिक कीमत पर धान खरीदने और एक-दो दिन के भीतर भुगतान करने का झांसा दिया गया। ग्राम नांहदा निवासी आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन ने क्षेत्र के 19 किसानों से कुल 21 लाख 37 हजार 745 रुपये का धान तो खरीद लिया, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया और फरार हो गया। किसानों द्वारा बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद जब उनकी मेहनत की कमाई नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित किसानों का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में कोई खास गंभीरता नहीं दिखाई और न ही समय पर एफआईआर दर्ज की गई। इस गंभीर लापरवाही के चलते क्षेत्रीय विधायक संगीता सिन्हा को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा।
विधायक के कड़े रुख के बाद स्थानीय सनौद पुलिस ने हरकत में आते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी दीपक अग्रवाल भारतीय जनता युवा मोर्चा के महामंत्री व प्रदेश इंटरनेट मीडिया सदस्य के रूप में भी सक्रिय रहा है, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
पुलिस टीम ने अपनी खोजबीन और तकनीकी सुरागों के आधार पर मुख्य आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन को राजनांदगांव जिले के ग्राम घुमका से धर दबोचा। पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में किसानों के विस्तृत बयान, धान खरीदी से जुड़े मूल दस्तावेजों और बैंक भुगतान संबंधी साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है ताकि अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।