बालोद में तुएगोंदी जमहा जात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी
आयोजन की पवित्रता और पारंपरिक नियमों को ध्यान में रखते हुए जात्रा स्थल पर वीडियो और फोटोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। आयोजन समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से परंपरागत मर्यादा बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील करते नज़र आए।
Publish Date: Sat, 20 Jun 2026 05:30:22 PM (IST)Updated Date: Sat, 20 Jun 2026 05:36:31 PM (IST)
जमहा जात्रा में उमड़ा जनसैलाब।HighLights
- पुलिस छावनी के बीच आस्था का महासंगम, संपन्न हुई जात्रा।
- सीएम निवास में हुई बैठक के बाद टला पाटेश्वर धाम घेराव।
- 900 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती के बीच किया तय।
नईदुनिया न्यूज, बालोद। जय सेवा... जय जोहार... के गूंजते उद्घोष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों के बीच शनिवार को बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक के तुएगोंदी जमहा पाट में आयोजित तुएगोंदी जमहा डोकरा राऊड संरक्षण जातरा में आदिवासी समाज की आस्था का विराट स्वरूप देखने को मिला।
बालोद जिले सहित कांकेर, मोहला-मानपुर, राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में पहुंचे समाजजन, माताएं, बहनें और युवाओं ने आंगा पेन के दर्शन कर पेन पुरखाओं का आशीर्वाद लिया तथा सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन किया।
यह जातरा इस बार इसलिए भी विशेष रही क्योंकि पिछले कुछ दिनों से जामड़ी पाटेश्वर धाम में कथित अवैध कब्जे को लेकर आदिवासी समाज और प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। समाज के कुछ प्रतिनिधियों ने पहले 20 जून को पाटेश्वर धाम घेराव की चेतावनी दी थी।
हालांकि तीन दिन पूर्व मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री, आदिवासी समाज के पदाधिकारियों, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में शांतिपूर्ण जातरा आयोजित करने पर सहमति बनी। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शुरू की, जिससे संभावित टकराव टल गया।
पाटेश्वर धाम बना पुलिस छावनी, चारों ओर सुरक्षा का अभेद घेरा
- संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की। पाटेश्वर धाम और आसपास का पूरा क्षेत्र जैसे बड़े जुंगेरा, माटरी चौक, तुएगोंदी पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।
- 900 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए रहे।
- बालोद के अलावा कांकेर, मोहला-मानपुर और राजनांदगांव जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ाई गई तथा प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी की गई।
- कलेक्टर दिव्या मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, डीएफओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एएसपी मोनिका ठाकुर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही मौके पर डटे रहे और पूरे आयोजन की पल-पल निगरानी करते रहे।
- लगभग 20 किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
डांग-डोरी यात्रा के दौरान मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी
- धार्मिक अनुष्ठान के दौरान जब श्रद्धालु डांग-डोरी और अंगा देव के साथ जंगल मार्ग से जामड़ी पाट की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया।
- देखते ही देखते श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों को मधुमक्खियों ने काटा, जिसके बाद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयोजन में मौजूद कई विशिष्ट अतिथियों को भी स्वयं को बचाना पड़ा।
- मुख्यमंत्री के निज सहायक कौशिक ने जैकेट ओढ़कर मधुमक्खियों से बचाव किया, जबकि नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम भी सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
- कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हुई और धार्मिक आयोजन पुनः शुरू हो गया। हालांकि कई लोगो को मधुमक्खियों के डंक लगे और स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई
धार्मिक मान्यता को लेकर भी रही चर्चा
मधुमक्खियों की घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी रही कि परंपरागत मान्यता के अनुसार महिलाओं को मूल पूजा स्थल तक नहीं जाना था। कुछ श्रद्धालुओं ने इस घटना को धार्मिक आस्था और दैवीय संकेत से जोड़कर देखा। हालांकि यह स्थानीय मान्यता एवं व्यक्तिगत धार्मिक विश्वास है। वही बताया गया है कि महिलाओं और कुंवारे लड़को का जाना प्रतिबंध है।
वीडियो और फोटोग्राफी पर रहा पूर्ण प्रतिबंध
आयोजन की पवित्रता और पारंपरिक नियमों को ध्यान में रखते हुए जात्रा स्थल पर वीडियो और फोटोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। आयोजन समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से परंपरागत मर्यादा बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील करते नज़र आए।
शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ आयोजन
दिनभर चले इस विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान किसी प्रकार के घेराव, विरोध या तनावपूर्ण स्थिति की सूचना नहीं मिली। आदिवासी समाज के हजारों लोगो ने पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ पूजा-अर्चना, पारंपरिक अनुष्ठानों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया। प्रशासन और आयोजन समिति ने सभी समाजजनों के सहयोग की सराहना करते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बताया।