
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की डीलरशिप और शत-प्रतिशत कैशबैक का लालच देकर 31.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। सनौद थाना पुलिस ने मामले में सफलता हासिल करते हुए सीबीके ईवी मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर के फरार मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नंदकिशोर साहू को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुरूर क्षेत्र के ग्राम भानपुरी निवासी मनीष कुमार साहू ने 5 मई 2026 को सनौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि सीबीके ईवी मोटर्स के पदाधिकारियों ने इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन, लोडर वाहन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की डीलरशिप लेने पर 100 प्रतिशत कैशबैक का आकर्षक ऑफर दिया था। इस झांसे में आकर पीड़ित ने मई 2024 से किस्तों में कुल 31.80 लाख रुपये कंपनी के खातों में ट्रांसफर कर दिए। कंपनी ने उन्हें डीलरशिप प्रमाणपत्र भी सौंपा और सनौद में दुकान खुलवाई।
शुरुआत में कंपनी ने पीड़ित को 11 इलेक्ट्रिक गाड़ियां भेजीं, लेकिन उनकी गुणवत्ता सही नहीं होने के कारण वापस मंगवा लिया गया। इसके बाद नए वाहन देने के नाम पर लगातार टालमटोल की गई। कारोबारी द्वारा रकम वापस मांगने पर कंपनी ने महज 1.45 लाख रुपये लौटाए और शेष राशि के तीन चेक सौंपे। बैंक में प्रस्तुत करने पर स्टॉप पेमेंट के कारण वे चेक बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सनौद पुलिस ने धारा 420 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। इससे पहले पुलिस ने कंपनी के एमडी लोकेश द्विवेदी और सीएमडी पुरुषोत्तम साहू को 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं सीईओ नंदकिशोर साहू लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन में साइबर सेल और सनौद पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्रेटर नोएडा में दबिश देकर उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी, एसी, टीवी, सीसीटीवी कैमरे और दफ्तर का फर्नीचर भी बरामद किया है।