
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर बालोद जिले के प्रसिद्ध मां गंगा मइया मंदिर, झलमला में दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। मंदिर परिसर में 11 से 19 अक्टूबर तक ज्योति कलश स्थापना, धार्मिक अनुष्ठान और मेले का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में व्यापक फेरबदल किया है। भारी वाहनों को मंदिर क्षेत्र से दूर रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा गया है, वहीं श्रद्धालुओं के लिए चार अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं।
नवरात्रि मेले के दौरान 11 से 19 अक्टूबर तक भारी वाहनों को शहर और मंदिर मार्ग से हटाकर इन वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा:
धमतरी दिशा से आने वाले वाहन: धमतरी-गुरुर से झलमला तिराहा, पड़कीभाट बायपास, पाररास होते हुए बटेरा चौक के रास्ते आगे बढ़ेंगे।
दुर्ग दिशा से आने वाले वाहन: दुर्ग से गुंडरदेही होते हुए पड़कीभाट बायपास मार्ग से सीधे बटेरा चौक होकर निकलेंगे।
दल्लीराजहरा दिशा से आने वाले वाहन: दल्लीराजहरा से कुसुमकसा, बटेरा चौक, पाररास बायपास और पड़कीभाट मार्ग का उपयोग करेंगे।
राजनांदगांव दिशा से आने वाले वाहन: राजनांदगांव से डौंडीलोहारा, बटेरा चौक, पाररास बायपास और पड़कीभाट होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
मंदिर दर्शन के लिए निजी चौपहिया और दोपहिया वाहनों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए चार प्रमुख पार्किंग स्थल बनाए गए हैं:
धमतरी-गुरुर मार्ग: इस दिशा से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन झलमला स्थित पुलिस कॉलोनी परिसर पार्किंग में खड़े करेंगे।
दुर्ग-गुंडरदेही मार्ग: इस ओर से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए झलमला बाजार चौक में वाहन खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
दल्लीराजहरा व राजनांदगांव मार्ग: इन दोनों मार्गों से आने वाले श्रद्धालु सिवनी मैदान पार्किंग और हीरापुर मोड़ के सामने स्थित बालोद बाजार पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करेंगे।
यातायात पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सड़कों पर वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग में ही पार्क करें, जिससे जाम की स्थिति न बने। भारी वाहन चालक भी परिवर्तित मार्गों का ही उपयोग करें। यात्रा के दौरान यातायात से जुड़ी किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बालोद के नंबर 94791-91160 या यातायात कार्यालय बालोद के नंबर 77492-23817 पर संपर्क किया जा सकता है।