
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दीपावली के पावन त्योहार के दौरान शहर में शांति, सुगम यातायात और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भाटापारा नगर पालिका परिषद ने एक दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। हर वर्ष त्योहारी सीजन में शहर के मुख्य बाजार और संकरी गलियों में भारी भीड़ जमा हो जाती है, जिससे आगजनी की आशंका और जाम की विकट स्थिति बनी रहती थी।
इसे देखते हुए नगर पालिका परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शहर के घने और रिहायशी बाजारों में लगने वाली पटाखों की सभी अस्थायी दुकानों को खुले मैदान में स्थानांतरित किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्यामा पटेल, तहसीलदार यशवंत राज और मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव सहित पटाखा व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में तय हुआ कि इस वर्ष पटाखों का संपूर्ण बाजार लोकोत्सव मैदान में लगाया जाएगा।
व्यापारियों के लिए मैदान में मजबूत टीन शेड से सुरक्षित घेराबंदी की जाएगी। साथ ही प्रशासन द्वारा तय किए गए अग्निशमन यंत्र, रेत से भरी बाल्टियां, पानी के टैंकर और पर्याप्त दूरी जैसे सभी अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इससे किसी भी अप्रिय आपात स्थिति में राहत दल तुरंत कार्रवाई कर सकेंगे।
प्रशासन ने पर्यावरण अनुकूल दीपावली और स्थानीय कारीगरों की आजीविका को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष पहल की है। मिट्टी के दीये, मटकियां और पारंपरिक पूजन सामग्री बेचने वाले स्थानीय कुम्हारों के लिए रामलीला मैदान को आरक्षित किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि कुम्हारों की मेहनत हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है। उन्हें एक निश्चित और खुला स्थान मिलने से उनके उत्पादों को बेहतर ग्राहक मिलेंगे और शहरवासियों को भी एक ही स्थान पर शुद्ध मिट्टी के दीये सुलभ हो सकेंगे। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी कर मुख्य बाजार में अवैध दुकानें लगाने वालों के खिलाफ जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।