
नईदुनिया न्यूज, घोटिया। : खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ पलारी क्षेत्र के किसान डीएपी खाद की गंभीर कमी का सामना कर रहे हैं। धान की बुआई का समय नजदीक आने पर भी खाद वितरण केंद्रों पर किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। कई किसानों का आरोप है कि पर्ची कटाने और राशि जमा करने के बावजूद उन्हें डीएपी नहीं मिल रही है, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ रही है।
किसानों का कहना है कि वितरण केंद्रों में खाद की उपलब्धता मांग के मुकाबले बेहद कम है। खाद की कमी के कारण धान की बुआई प्रभावित हो रही है और किसान निजी स्रोतों से खाद खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे।
इसी बीच ग्राम सुंद्रावन में नकली एवं संदिग्ध खाद बेचने का माला सामने आया है। ग्रामीणों ने गांव में खाद बेच रहे बाहरी लोगों की एक पिकअप वाहन को रोका। बताया जा रहा है कि कुछ लोग कम कीमत और तत्काल उपलब्धता का झांसा देकर यूरिया एवं डीएपी खाद बेच रहे थे। खाद की गुणवत्ता पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने वाहन को पकड़ा। खाद बेचने वाले लोग मौके से फरार हो गए, जबकि वाहन चालक को रोक लिया गया। मामले की सूचना कृषि विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। किसानों ने प्रशासन से डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और नकली खाद कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।