
नईदुनिया न्यूज, बलौदाबाजार : छत्रपति शिवाजी गणेश उत्सव समिति की ओर से गौरव पथ में आयोजित गौरी-गौरा विवाह उत्सव का समापन शुक्रवार शाम भगवान गौरा और माता गौरी की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ हुआ। गुरुवार रात करीब 1:30 बजे गौरव पथ से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात निकाली गई। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद शुक्रवार शाम चार बजे बरसते पानी के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गौरा और माता गौरी को भावभीनी विदाई दी।
विसर्जन के दौरान बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। हाथों में छाते लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु विदाई देने पहुंचे। बाजे-गाजे और पारंपरिक उत्साह के साथ निकली विसर्जन यात्रा में भक्त शामिल हुए।
रास्तेभर श्रद्धालुओं ने भगवान गौरा और माता गौरी को नमन कर विदाई दी। इसके बाद शहर के पिपराहा तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय रहा। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
छत्रपति शिवाजी गणेश उत्सव समिति के इस आयोजन में गौरी-गौरा विवाह की पारंपरिक मान्यताओं और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। विवाह से लेकर विसर्जन तक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। भावुक माहौल में भक्तों ने भगवान गौरा और माता गौरी को अंतिम नमन किया और अगले वर्ष फिर आगमन की कामना के साथ विदाई दी।