_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलौदाबाजार। 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के 18वें सीजन में छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 23 वर्षीय योगेश साहू ने 50 लाख रुपए की राशि जीती। IIT बॉम्बे के टॉपर रहे योगेश ने 15वें सवाल यानी 1 करोड़ रुपए के प्रश्न तक का सफर तय किया, लेकिन अंत में जोखिम न लेते हुए खेल छोड़ने का फैसला किया। उनकी इस वापसी की वजह किसी उत्तर का न ज्ञान होना नहीं, बल्कि सवाल में इस्तेमाल किया गया शब्द 'हॉर्स' (Horse) था।
अमिताभ बच्चन ने योगेश के सामने 1 करोड़ रुपए के लिए 15वां सवाल रखा। सवाल था-
सवाल: 1943 में मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित पहली 'इंडियन डर्बी' जीतने वाले बड़ौदा के महाराजा के 'हॉर्स' (Horse) का क्या नाम था?
ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार, इस सवाल का सही जवाब 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' था। लेकिन घुड़दौड़ और पशुपालन की तकनीकी भाषा का ज्ञान रखने वाले योगेश इसी नाम को लेकर असमंजस में पड़ गए-
तकनीकी शब्दावली: घुड़दौड़ में कम उम्र की मादा घोड़ी को 'फिली' (Filly) और वयस्क मादा को 'मेयर' (Mare) कहा जाता है, जबकि नर घोड़े को 'कोल्ट' (Colt) या 'स्टैलियन' (Stallion) कहा जाता है।
योगेश का तर्क: योगेश के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' एक 'फिली' (मादा घोड़ी) थी। सवाल में 'हॉर्स' शब्द का प्रयोग देखकर उनके मन में शंका हुई कि पूछने वाले का आशय केवल नर घोड़े से है या सामान्य प्रजाति से।
चार विकल्पों का गणित: दिए गए चार विकल्पों में से केवल 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' ही मादा थी, बाकी तीनों (रीगल डोमेन, स्टार ऑफ ग्वालियर और प्रिंस प्रदीप) नर घोड़े थे।
1 करोड़ रुपए दांव पर होने के कारण योगेश ने तथ्य पर पूरी तरह स्पष्ट न होने और शब्दावली के भ्रम के चलते अनुमान लगाने के बजाय 50 लाख रुपए की राशि सुरक्षित रखना ही बुद्धिमानी समझा।
खेल छोड़ने के बाद जब इस सवाल के सही जवाब का खुलासा हुआ, तो होस्ट अमिताभ बच्चन ने 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' को सही उत्तर बताते हुए कहा- सही उत्तर 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' है। वैसे मुझे लगता है कि यह प्रिंसेस ब्यूटीफुल घोड़ा नहीं, बल्कि घोड़ी थी।
योगेश के पिता गया राम साहू और स्थानीय विशेषज्ञों का भी मानना है कि इतने बड़े मंच पर 1 करोड़ रुपए के सवाल में 'रेसहॉर्स' या 'फिली' जैसे अधिक स्पष्ट शब्द का इस्तेमाल होना चाहिए था। योगेश का यह फैसला दर्शाता है कि ज्ञान के साथ-साथ जोखिम का सही आकलन भी सफलता की कुंजी है।
यह भी पढ़ें- MP हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, इग्नू का दो वर्षीय डीपीई माध्यमिक शिक्षक भर्ती और पदोन्नति के लिए मान्य