खरोरा। गुरुवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंचे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह काला झंडा दिखाया। उक्त विरोध प्रदर्शन में खरोरा मंडल के पदाधिकारी शामिल हुए।
भाजपा युवा मोर्चा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने जहां राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के पूर्व ही छत्तीसगढ़ आने पर उन्हें काला झंडा दिखाने का एलान कर दिया था। तो वहीं इससे हरकत में आया पुलिस प्रशासन द्वारा राहुल गांधी के दौरे के एक दिन पहले ही युवा मोर्चा नेताओं की गिरफ्तारी शुरू कर दी गई। जिला रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष संचित तिवारी के अभनपुर स्थित निवास में बुधवार शाम 4 बजे से ही पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया गया। वहीं इसकी जानकारी इंटरनेट मीडिया में फैली तो देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
विरोध प्रदर्शन के पहले ही पुलिस द्वारा रायपुर शहर एवं ग्रामीण जिला के कई नेताओं की गिरफ्तारी के साथ ही आसपास के जिलों से रायपुर आ रहे युवा नेताओं को रास्ते में ही रोक दिया गया। इस विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई व चाक चौबंद व्यवस्था के बावजूद एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर और वीआइपी चौक के आसपास कई जगहों पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी को काला झंडा दिखाया गया। इस दौरान खरोरा मंडल के पदाधिकारी भी पुलिस को चकमा देकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इनके द्वारा अलग-अलग ग्रुपों में बटकर वीआइपी रोड के आस-पास राहुल गांधी के काफिला को काला झंडा दिखाया गया। जिसमें युवा मोर्चा सोशल मीडिया प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास ठाकुर, मंडल अध्यक्ष आयुष वर्मा, उपाध्यक्ष सुबोध सेन, उमेश वर्मा, अभिषेक वर्मा आदि शामिल रहे। इन्हें गिरफ्तार कर दिनभर शहर के अलग-अलग थानो में रखते हुए देर शाम सेंट्रल जेल से जमानत दी गई।