
सिमगा। एक शराबी बेटे ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी मां को बीच सड़क पर जिंदा जला दिया। उस समय रावण दहन के बाद लोग उसी रास्ते से आ रहे थे। तभी यह हृदयविदारक घटना देखी। यह घटना देखकर मौजूद लोगों के रौंगटे खड़े हो गए लेकिन जलती महिला को बचाने कोई सामने नहीं आया। अततः पूरी तरह झुलस चुकी महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात सवा दस बजे वार्ड क्रमांक 13 निवासी राधे वर्मा अपनी मां शांति बाई (65) से घर में मारपीट करते हुए शराब के नशे में पैसे की मांग कर रहा था। मां ने पैसा नहीं है कहा तो राधे बिफर गया और घर में रखे मिट्टी तेल को अपनी मां के ऊपर उड़ेल दिया।
पहले डंडे से मारा फिर फेंकी माचिस की तिली
बेटे द्वारा केरोसिन उ़ड़ेलने से शांति बाई पूरी तरह मिट्टी तेल से नहा चुकी थी। वह जान बचाने की गुहार लगाते हुए घर से भागी पर दशहरा होने के कारण हमेशा भीड़भाड़ रहने वाले रायपुर -बिलासपुर मार्ग पर कोई भी उसकी पुकार सुनने वाला नहीं था। आरोपी अपनी मां के पीछे-पीछे माचिस की तिली लेकर आ रहा था। जैसे ही वह मां के पास गया तो उसे पकड़ लिया। पहले डंडे से मां की पिटाई की और फिर बेहाल हो चुकी मां पर माचिस की जलती तिली फेंक दी।
जलती महिला को बचाने कोई नहीं आया
आग से जलती हुई शांति बाई ने सड़क पर आने-जाने वाले लोगों से जान बचाने की गुहार लगाई लेकिन कोई सामने नहीं आया। इस बीच झूलस चुकी महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मां को जलाने के बाद आरोपी राधे भाग गया जिसे सिमगा पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस ने जुर्म पंजीबध कर सिमगा व्यवहार न्यायालय में पेश किया जहां न्यायाधीश अमित जिंदल ने आरोपी को जेल भेज दिया।