
कसडोल। प्रदेश की राजधानी रायपुर से 133 किमी दूर व विकासखंड मुख्यालय कसडोल से करीब 55 किमी दूर घने जंगलों व पहाड़ियों से घिरे वनग्राम बाघमाड़ा (सोनाखान) को शनिवार को नीलामी प्रक्रिया में वेदांता कंपनी को पूर्वेक्षण और खनन का अधिकार दे दिया गया। लेकिन खनन होने से यहां के लगभग 1520 एकड़ के जंगल क्षेत्र में लगे करोड़ों रुपए की इमारती पेड़ व नवोदित कीमती वृक्षों के नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। वहीं घने जंगलों के बीच बसे गांव के वनवासी इस चिंता में हैं कि नीलामी के बाद उनके गांव को उजाड़ न दिया जाए।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बाघमाड़ा गोल्ड माइन मध्य भारत का सोने का सबसे पुराना पूर्वेक्षित इलाका है जहां 1967 में पहली बार सर्वे किया गया। उसके बाद 1981 से 90 के मध्य संचालनालय भौमिकी व खनिकर्म द्वारा पूर्वेक्षण किया गया था। हालांकि अभी और सर्वेक्षण की आवश्यकता होगी तभी उच्चतम स्तर पर सोने के होने का पूरा अनुमान लगाया जाएगा। चर्चा के अनुसार अभी उक्त क्षेत्र में 2700 किग्रा सोने का भंडार होने का अनुमान लगाया जा रहा है जिससे सरकार को करोड़ों रुपए मिलेगा व रोजगार व विकास की संभावनाएं भी उत्पन्ना होगी।
अपने गांव में ही रहेंगे हम
नईदुनिया ने उस क्षेत्र के आम रहवासियों व बाघ माड़ा, देवगांव तथा अचानकपुर के वनवासियों से मुलाकात कर उनकी राय जानी। इस दौरान पता चला कि उपरोक्त गांव के वनवासी इस चिंता में हैं कि नीलामी के बाद उनके गांव को उजाड़ न दिया जाए। गांव के सोनूराम सिदार, चरणदास पटेल, भखारी सिदार, नंदकुमार, लव कुमार ग्राम अचानकपुर के नम्मू राम बिंझवार, जगतु राम बिनझवर, अगनु राम बिंझवार का स्पष्ट तौर पर कहना है कि हम सरकार के इस फैसले का विरोध नहीं करना चाहते पर हमें अपने गांव से हटाने का प्रयास न हो।