बालोद में प्रेमी ने रची एसिड अटैक की साजिश, भैरमगढ़ से दोस्त बुलाकर छात्रा पर कराया हमला, आरोपी समेत दो गिरफ्तार
जिला मुख्यालय बालोद में सोमवार को 22 वर्षीय छात्रा पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 11:43:50 AM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 11:45:11 AM (IST)
प्रेमी ने रची थी एसिड अटैक की साजिश, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- प्रेमी ने रची थी एसिड अटैक की साजिश
- भैरमगढ़ से दोस्त बुलाकर दिया अंजाम
- पुलिस ने प्रेमी समेत दो को किया अरेस्ट
नईदुनिया न्यूज, बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में सोमवार को 22 वर्षीय छात्रा पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा पर एसिड फेंकने की साजिश उसके प्रेमी ने रची थी।
वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने दोस्त को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया था। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर छात्रा लाइब्रेरी से लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
छात्रा का शरीर झुलसा
हमले में छात्रा के चेहरे समेत शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची। जांच में यह बात सामने आई कि वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद होने की प्रथम दृष्टया आशंका है।
वारदात के बाद बस से भाग रहा था दोस्त
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना को अंजाम देने के बाद भैरमगढ़ से आया आरोपी बस से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे रास्ते में दबोच लिया। इसके बाद मुख्य आरोपित प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है और घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
पुलिस कर सकती है पूरे मामले का खुलासा
एसिड अटैक की इस वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी थी। पुलिस अब घटना की पूरी साजिश, हमले का कारण, एसिड कहां से खरीदा गया और वारदात में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा मंगलवार को पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किए जाने की संभावना है।