By Pramod SahuEdited By: Pramod Sahu
Publish Date: Sat, 19 Aug 2023 11:44:50 PM (IST)Updated Date: Sat, 19 Aug 2023 11:44:50 PM (IST)
बालोद (नईदुनिया न्यूज)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस मैदान में जुट चुकी हैं। शनिवार को जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र संजारी बालोद के ग्राम करकाभाट, डौंडीलोहारा के दल्लीराजहरा और गुंडरदेही विधानसभा के अर्जुंदा में आयोजित संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए।
उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक राजनीतिक दल ताकत उसकी विचारधारा होती है और कांग्रेस देश की विचारधारा है। कांग्रेस लोगों से प्रेम और भाईचारे की बात करती है। उन्होंने पिछले चुनाव के समय हुए संकल्प शिविर को याद किया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा की सरकार थी, उनके गलत काम का हमने विरोध किया।
उस समय संगठन को मजबूती देने के लिए जोन, सेक्टर, बूथ का गठन करने का फैसला किया। जिले के तीनों विधानसभा में आयोजित संकल्प शिविर में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव जिताने, कांग्रेस के लिए निष्ठा पूर्वक काम करनेऔर पार्टी से किसी को भी टिकट मिलती है तो उसके लिए संकल्पित होकर काम करने संकल्प दिलाया।
शिविर में मंत्री अनिला भेड़िया, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, राजेश तिवारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनयशील, वीरेश ठाकुर, जिला प्रभारी शाहिद खान, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, डोमेन्द्र भेड़िया, मंत्री प्रतिनिधि पीयूष सोनी, नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, तामेश्वर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष शिबु नायर, रतिराम कोसमा, ब्लाक अध्यक्ष अशोक बाम्बेश्वर,कोमेश कोर्राम, संगीता नायर, पुनीत राम सेन सहित सभी ब्लाक, जोन, सेक्टर, अध्यक्ष प्रभारी एवं जिलेभर के तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे।
सीएम ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि सामने की सेना कितनी भी बड़ी क्यों न हो। आज आपके पास जोश है, समर्पण है, आपको कोई पराजित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण परमहंस ने कहा है कि आप आराधना करें, पूजा करें, किसी भी रास्ते में चलें, कोई भी मार्ग हो सकता है, सब पहुंचता एक ही जगह है। इसका प्रतिनिधि किसी ने किया तो महात्मा गांधी ने किया। जो सबको साथ लेकर चलने की बात कही।
भाजपा के पास नहीं कोई मुद्दा
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा के शासनकाल में गाय और गोठान दोनों की हालत खराब थी। हमारी सरकार बनने पर गाय और गोठान की हालात में सुधार आया हैं। हम राम वन गमन पथ पर काम किए हैं। इसलिए भाजपा बौखला गई है।
भाजपा की जारी सूची में बहुत मात्रात्मक त्रुटि
भाजपा द्वारा जारी 21 नामों की सूची पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि जारी सूची के सभी नामों में कई त्रुटि है। देवलाल ठाकुर जो कि कांग्रेस में थे फिर भाजपा में गए उसे देव हलवा ठाकुर लिखा गया है। जारी 21 लोगो की सूची में मात्रात्मक त्रुटि है।
संगीता ने मुख्यमंत्री के सम्मान में सुनाई कविता
विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि ये वो कार्यकर्ता हैं जिनकी बदौलत हम विधायक बने है और सरकार बनी है। हमने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की एक टीम बनाई जो बेहद सक्रियता काम कर रहे है। हम दौरा करते हैं पर हमारे बूथ के कार्यकर्ता गांव गांव गली गली हमारे सरकार की योजनाओं को जनता तक लेकर जाते है। विधायक संगीता ने इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सम्मान में एक कविता पढ़ी, जिसमें सभी मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका साथ दिया।