बालोद(नईदुनिया न्यूज)। कलेक्टर जनमेजय महोबे गुरुवार को गुरूर विकासखंड के ग्राम पंचायत कर्रेझर में निर्मित नवीन गोठान व वर्क शेड का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने वहां स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित अचार, ब्लैक राइस, वर्मी कंपोस्ट उत्पादन, कोदो की खेती व आर्गेनिक फूड प्लाजा के संबंध में चर्चा कर उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने ग्राम कर्रेझर नेशनल हाीवे क्रमांक-30 के किनारे स्वसहायता समूह द्वारा संचालित आर्गेनिक फूड प्लाजा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वसहायता समूह द्वारा रेड राइस से तैयार किए गए व्यंजनों की सराहना की। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नेशनल हाईवे के किनारे दुकान शेड निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद पंचायत गुरूर के अध्यक्ष प्रभात धुर्वे, एसडीएम अमित श्रीवास्तव, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेंद्र पडौति आदि मौजूद थे। साथ ही कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कोचवाही के गोठान व चारागाह परिसर में स्वसहायता समूह द्वारा आजीविका संवर्धन के लिए चलाए जा रहे विभिन्न गतिविधियों का भी अवलोकन किया।
गिरदावरी कार्य का निरीक्षण
कलेक्टर ने बोरिदकला में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने वर्तमान फसलों का अवलोकन किया और खसरा नंबर की जांच की। उन्होंने मौके पर उपस्थित तहसीलदार और वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी को त्रुटिरहित गिरदावरी कार्य के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग फसलों की सूची अलग-अलग दर्ज होनी चाहिए। रिकार्ड एवं मौके का मिलान एक समान हो।
नरवा विकास कार्य का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने बोरिदकला में नरवा विकास कार्य का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने वहां जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्य के तहत् लूज बोल्डर चेकडेम एवं ब्रश वुड चेकडेम का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने कोचवाही के गोठान परिसर और ग्राम बोरिदकला के नाला के किनारे पौधारोपण कर ग्रामीणों को भी पौधारोपण करने तथा उसे सुरक्षित रखने प्रेरित किया।