
बालोद । कलेक्टर जनमेजय महोबे ने सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनचौपाल कार्यक्रम में पहुॅचे जिले के आमजनों की समस्याओं तथा शिकायतों को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुनी और नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। जनचैपाल कार्यक्रम में ग्राम भरदाकला की प्रेमलता ने नवीन राशन कार्ड बनाने, अर्जुंदा के गौतर सिंह ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम सतमरा के चुरामन ने बिजली बिल में सुधार कराने, ग्राम बोहारा की दुलारी बाई और कमला बाई ने गरीबी रेखा श्रेणी का राशन कार्ड बनाने, ग्राम तार्री की धनेश्वरी ने दिव्यांगजन छात्रवृत्ति दिलाने, ग्राम सोरर के सेखूराम ने श्रवण यंत्र दिलाने और ग्राम पसौद के ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन कलेक्टर को सौंपे। इसी प्रकार अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन कलेक्टर महोबे को सौंपे। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा. रेणुका श्रीवास्तव, एडीएम विनायक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
सात माह से नहीं मिला मानदेय, सौंपा ज्ञापन
सोमवार को लगने वाले जनचौपाल भेंट मुलाकात में विकासखंड डौंडीलोहारा के अंशकालीन सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर के समक्ष ज्ञापन सौंपते हुए जितेंद्र व प्रमिला ने बताया कि विगत सात माह से मासिक मानदेय राशि नहीं दी गई है। वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा में अंशकालीन सफाई कर्मी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन मानदेय का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है, जिसके कारण हमारी आर्थिक स्थिति बहुत ही खराब हो गई है। समय पर मानदेय नहीं मिलने के कारण हमें हमारे घर परिवार चलाने में बहुत ही कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कलेक्टर से निवेदन करते हुए समस्याओं को ध्यान में रखते हुए हमारी लंबित मासिक मानदेय राशि का भुगतान जल्द करने की मांग की गई।