
बालोद। डौंडीलोहारा ब्लाक के ग्राम कापसी निवासी आरोपी संदीप कुमार को बुधवार को जिला सत्र न्यायाधीश संजय कुमार जायसवाल ने दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। पीड़िता हल्बा समाज की थी जिसके कारण आदिवासी एक्ट भी लगे हैं। उसमे भी आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। मामले में डीएनए टेस्ट ने आरोपी की असलियत को सामने लाया।
आरोपी द्वारा गांव के ही एक लड़की से एक साल से प्रेम संबंध रखते हुए शारीरिक संबंध बनाया गया। इस बीच लड़की गर्भवती हो गई लेकिन आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता से हुई बच्ची को भी खुद की संतान होने से इंकार करने लगा लेकिन डीएनए टेस्ट में इस बात की पुष्टि होने के बाद आरोपी को बच्ची का बायोलाजिकल पिता माना गया है। पीड़िता को धोखा देने, दुष्कर्म करने के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
जिले में पहली बार दुष्कर्म के केस में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। पीड़िता जब 12वीं कक्षा में थी, इस बीच आरोपी से उसकी जान पहचान हुई। उनके बीच प्यार हुआ और दोनों अक्सर मिला करते थे। लड़की के घर जाकर परिजनों की अनुपस्थिति में लड़की के साथ संबंध बनाता था। इस दौरान आरोपी हर बार लड़की को शादी करने का प्रलोभन देता रहा।