
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन रकबा और फसल संबंधी त्रुटियों का प्राथमिकता से निराकरण कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर पात्र किसानों के अभिलेखों में सुधार की प्रक्रिया तेज की गई है, ताकि कोई भी किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के कुल 1,58,572 किसानों ने पंजीयन कराया है। इनमें से 5,743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य प्रदर्शित हो रहा था। किसानों की समस्या को देखते हुए 16 नवंबर से समिति स्तर पर रकबा सुधार की सुविधा शुरू की गई है।
खाद्य विभाग के अनुसार, 20 नवंबर तक 3,140 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। शेष किसानों के रकबे में सुधार की प्रक्रिया जारी है। इसी तरह पंजीकृत रकबे में कमी अथवा दर्ज फसल में त्रुटि होने पर तहसीलदार मॉड्यूल के माध्यम से सुधार किया जा रहा है। संबंधित अधिकारी किसानों से प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों का परीक्षण कर आवश्यक संशोधन कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जिनका रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है या पंजीकृत रकबे में कमी अथवा फसल संबंधी त्रुटि है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित धान खरीदी केंद्र या तहसीलदार कार्यालय में संपर्क करें। समय रहते अभिलेखों में सुधार कराने से धान विक्रय के दौरान होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा।