
नईदुनिया न्यूज, बालोद: जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक अविवाहित युवती और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मकान मालिक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से युवती को धमकाकर अवैध संबंध बना रहा था और गर्भवती होने के बाद उसे दवाई खिलाकर घटना को छिपाने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता अपनी मां, दो बहनों और एक भाई के साथ पिछले लगभग तीन वर्षों से डौंडीलोहारा के रामनगर निवासी सुनील कुमार घरडे के मकान में किराए पर रहती थी। 10 मार्च को डौंडीलोहारा थाना में मर्ग क्रमांक 17/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत युवती की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतिका की मां ने पुलिस को बताया कि 9 मार्च की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच युवती के कमर, पेट और पैरों में तेज दर्द शुरू हुआ। इसी दौरान मकान मालिक सुनील कुमार घरडे ने उसे दर्द की दवाई बताकर एक गोली खिला दी। दवाई खाने के कुछ ही समय बाद युवती छटपटाने लगी और पलंग पर लेट गई। थोड़ी देर बाद उसकी सांसें बंद हो गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण और परिजनों व अन्य गवाहों के बयान लेने पर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि युवती अविवाहित थी और आरोपी मकान मालिक पिछले लगभग एक वर्ष से उसे डरा-धमकाकर उसके साथ कई बार अवैध शारीरिक संबंध बना रहा था। इस कारण युवती करीब नौ माह की गर्भवती हो गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवती और उसके परिवार को मकान से निकालने की धमकी देकर दुष्कर्म को छिपाने की कोशिश कर रहा था। आरोप है कि उसने घटना को छिपाने की नीयत से युवती को अज्ञात दवाई दर्द की गोली बताकर खिला दी, जिससे उसकी और गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई।
पूरे मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार घरडे (59), निवासी रामनगर, डौंडीलोहारा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 90, 91, 105, 238, 351(3), 64(2) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने 11 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
प्रकरण में आरोपी को 11 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, प्र.आर. विरेन्द्र साहू, प्र.आर. दिगम्बर वर्मा प्र.आर. अरविंद यादव, म.प्र.आर. लिलेश्वरी देवांगन. म.आर. सोनिया, आरक्षक विनोद अजय, पुनम खरे, डोमेन्द्र भण्डारी, राकेश गावडे, सायबर सेल टीम बालोद सउनि धरम भुआर्य, प्र.आर. भुनेश्वर मरकाम, विपिन गुप्ता, राहुल कुमार का योगदान रहा।