
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट में भारी बारिश के बीच शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा (Road Accident NH 30) हो गया। सड़क किनारे खड़े डीजे / धुमाल वाहन को पीछे से गेहूं से भरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक डीजे वाहन को काफी दूर तक घसीटता ले गया।

हादसे में डीजे वाहन में सवार 6 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 5 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। एक व्यक्ति के ट्रक के नीचे दबे होने की भी सूचना है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव शुरू किया और घायलों को टूटी गाड़ी से निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव के साथ ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुट गई।

मरकाटोला घाट में बीती रात से ही भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड की जानकारी मिल रही है। पहाड़ी से बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से पहले से ही गाड़ियों की आवाजाही पर असर पड़ रहा था। बताया जा रहा है कि सड़क के बीच एक बड़ा पत्थर गिरने से ट्रैफिक में दिक्कत हो रही थी। इसी बीच डीजे वाहन और गेहूं से भरे ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर ने हालत और खराब कर दी।
भारी बारिश के कारण मरकाटोला घाट में सड़क और ट्रैफिक दोनों प्रभावित हैं। लैंडस्लाइड से पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। हादसे के बाद NH-30 पर गाड़ियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर ट्रैफिक को कंट्रोल कर रास्ता चालू कराने की कोशिश कर रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों की सही संख्या और पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।