
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा-बालोद मुख्य मार्ग पर सोमवार रात एक चलती हुई यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते यह बस आग के गोले में तब्दील हो गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। समय रहते यात्री बस से उतर गए, इसलिए किसी के हताहत होने की घटना सामने नहीं आई है।
बस के भीतर और पिछली डिक्की में भारी मात्रा में पटाखे भरे हुए थे, जो आग की चपेट में आने के बाद एक के बाद एक जोरदार धमाकों के साथ फटने लगे। इन धमाकों की गूंज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुपर आनंद ट्रेवल कंपनी की बस राजनांदगांव से यात्रियों को लेकर बालोद की ओर आ रही थी। सोमवार की रात करीब आठ बजे जब यह बस बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मालीघोरी बस स्टैंड के पास नवोदय विद्यालय के समीप पहुंची, तभी अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सतर्क चालक ने तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया और बस को सड़क के किनारे सुरक्षित रोक दिया।
चालक ने बिना एक भी पल गंवाए बस में सवार सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई। यात्रियों ने भी तुरंत समझदारी दिखाते हुए बस से नीचे उतरना शुरू कर दिया। जैसे ही सभी 15 से 20 यात्री सुरक्षित बाहर निकले, बस में सुलग रही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी तरह लपटों से घिर गई।
बस की डिक्की और अंदर रखे हुए पटाखे आग की गर्मी पाकर एक के बाद एक फटने लगे। लगातार हो रहे इन जोरदार धमाकों के कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते सेकड़ों लोगों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम रात करीब साढ़े आठ बजे मौके पर पहुंची, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
प्रारंभिक जांच के बाद बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो पाया है। गनीमत यह रही कि चालक की समय पर दिखाई गई सूझबूझ और तत्परता के कारण सभी यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई और किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। इस दुर्घटना में बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।