बालोद। कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक नवीन टाउन हाल में रखी गई। बैठक में कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन में धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने योजनाबद्घ कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर महोबे ने कहा कि धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसलों के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य को आपसी समन्वय से पूरा करें।
उन्होंने ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को धान के बदले गन्ना, अरहर, कोदो, कुटकी, रागी, मक्का, दलहन, तिलहन, सुगंधित धान, केला, पपीता आदि फसल लगाने प्रोत्साहित करें। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट तथा रासायनिक उर्वरक के भंडारण और उठाव की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि निर्धारित समय तक वर्मी कंपोस्ट तथा रासायनिक उर्वरक का अग्रिम उठाव सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
कलेक्टर ने कहा कि गोठानों में शीघ्र ही शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने गोधन न्याय योजना के अंतर्गत खरीदे गए गोबर से उत्पादित वर्मी कंपोस्ट का शतप्रतिशत उठाव के निर्देश दिए। उन्होंने गोठानों में आजीविका संबंधी गतिविधियों के लिए स्वसहायता समूह की सदस्यों को प्रशिक्षण व मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को गोठानों का मानीटरिंग करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी समस्या से जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अवगत कराएं।
उन्होंने गोठानों में पशु चिकित्सा शिविर लगाने तथा बीमार मवेशियों का उपचार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त संचालक राजेश राठौर, उप संचालक एनएल पाण्डे, सहायक संचालक आशीष चंद्राकर, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत ठाकुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
भाजयुमो ने शाल व श्रीफल भेंटकर किया सम्मान
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मंडल अर्जुंदा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर सात से 20 अप्रैल तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष आदित्य सिंह पीपरे निर्देश पर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रणेश जैन के मार्गदर्शन में भाजयुमो अर्जुंदा महामंत्री देवेंद्र साहू के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वर्तमान सैनिकों का अभिनंदन व सम्मान किया। जिसमें सैनिक चोवाराम साहू, ओम प्रकाश साहू को शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता टोमन साहू, अश्वनी साहू, रोहन साहू राजा साहू, दीपक ठाकुर, लोकनाथ देशमुख, पारस देशमुख, किशन साहू उपस्थित थे।