
रवि भूतड़ा, नईदुनिया, बालोद। रावघाट से रायपुर के बीच शुरू हुई यात्री ट्रेन को बालोद स्टेशन से शुरुआती प्रतिसाद मिलने लगा है। ट्रेन के परिचालन के शुरुआती दिनों में यात्रि यों की संख्या में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। पहले दिन जहां महज 6 यात्रियों ने सफर किया था, वहीं तीसरे दिन गुरुवार को यह आंकड़ा बढ़कर 56 तक पहुंच गया।
यात्रियों की संख्या में आई इस बढ़ोतरी से क्षेत्र में नई रेल सेवा के प्रति लोगों की रुचि के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि शुरुआती तीन दिनों के आंकड़ों के आधार पर ट्रेन की लोकप्रियता को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर को ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर बालोद स्टेशन से 6 यात्रियों ने 3 टिकट लेकर यात्रा की थी। इसके अगले दिन 21 अक्टूबर को 2 यात्रियों ने 2 टिकट खरीदे और सफर किया। वहीं गुरुवार को 56 यात्रियों ने इस ट्रेन से यात्रा की। इन यात्रियों ने कुल 40 टिकट खरीदे, जिनके लिए 1120 रुपये खर्च किए गए। इस तरह पहले दिन के मुकाबले तीसरे दिन यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
शुरुआती दिनों में यात्रियों की आवाजाही में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, लेकिन तीसरे दिन हुई बढ़ोतरी को नई रेल सेवा के प्रति शुरुआती आकर्षण के रूप में देखा जा रहा है। गुरुवार को बालोद से सबसे ज्यादा टिकट बिके हैं, जो इस रूट पर यात्रियों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है।
रावघाट-रायपुर यात्री ट्रेन के शुरू होने से बालोद और आसपास के क्षेत्र के लोगों को रेल मार्ग से आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिला है। अब तक इस क्षेत्र के लोग सड़क मार्ग पर ज्यादा निर्भर थे, लेकिन ट्रेन शुरू होने से उन्हें एक सस्ता और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।
रायपुर सहित रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख स्टेशनों तक आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा उपयोगी साबित हो सकती है। सड़क मार्ग की तुलना में रेल यात्रा की सुविधा, कम किराया और समय की बचत जैसे पहलू यात्रियों के रुझान को प्रभावित कर सकते हैं। खासकर रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों के लिए यह ट्रेन फायदेमंद साबित होगी।
नई यात्री ट्रेन को शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में बालोद स्टेशन से टिकटों की बिक्री और यात्रियों की संख्या पर सबकी नजर रहेगी। रेलवे अधिकारी भी इस रूट पर यात्रियों की संख्या का आकलन कर रहे हैं।
यदि यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होती है तो यह सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए परिवहन का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है। शुरुआती आंकड़े उत्साहजनक जरूर हैं, लेकिन ट्रेन के प्रति यात्रियों का वास्तविक रुझान आने वाले दिनों में ही स्पष्ट हो पाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेन का समय और स्टॉपेज सुविधाजनक रहा तो यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी।