_m.webp)
नईदुनिया न्यूज, बालोद। जिले के गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रनचिरई थाना के हल्दी चौकी क्षेत्र के ग्राम माहुद/बी में कब्रों से लगातार छेड़छाड़ की घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक मासूम बच्चे की कब्र खोदकर शव का सिर गायब किए जाने और हाल ही में एक महिला की कब्र से छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई
सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण करीब 14 अलग-अलग वाहनों में सवार होकर बालोद कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस ने ग्रामीणों को रोक लिया। मौके पर संयुक्त कलेक्टर, डीएसपी सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच घंटों चर्चा चली।
ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले का तत्काल खुलासा, दोषियों की गिरफ्तारी और हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले की जांच में लगातार लापरवाही बरत रही है और अब तक किसी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
कब्र खोदकर शव का सिर गायब कर दिया गया था
ग्रामीणों के मुताबिक कुछ माह पहले गांव के एक मासूम बच्चे की कब्र खोदकर शव का सिर गायब कर दिया गया था। इस घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया था। वहीं हाल ही में गांव की एक महिला की कब्र से भी छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रामीण इन घटनाओं को जादू-टोना और तांत्रिक गतिविधियों से जोड़कर देख रहे हैं।
उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया
कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण वापस लौटने लगे। लेकिन वापसी के दौरान बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर टेकापार के पास नया विवाद खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि यातायात विभाग की टीम ने मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाकर ले जाने पर कार्रवाई के लिए ग्रामीणों की गाड़ियां रोक लीं। इससे नाराज ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और देखते ही देखते हाईवे पर लंबा चक्काजाम लग गया।
दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार
करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। अधिकारियों ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए चेतावनी देकर छोड़ने और चालानी कार्रवाई नहीं करने की बात कही। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कर अपने गांव लौट गए। फिलहाल ग्राम माहुद/बी में कब्रों से छेड़छाड़ की घटनाओं का रहस्य बरकरार है। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।