डौंडीलोहारा। मंगलवार को नगर के लाल रघुवीर सिंह खेल स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया के मुख्य आतिथ्य में महिला जागृति तीजा पोला व खेल प्रतियोगिता का आयोजन अनिला भेड़िया फैंस ग्रुप के तत्वावधान में किया गया। उक्त अवसर पर अनिला भेड़िया ने कहा कि महिलाएं हमेशा घर के कार्यों में ही उलझी रहती हैं, यह एक छोटा सा प्रयास है कि क्षेत्र की महिलाओं को एक मंच मिले व अपने प्रतिभा का प्रदर्शन करें। यहां आकर सब महिलाएं आनंदित हो रही है व छग के पारंपरिक त्यौहार तीजा पोला मना रही हैं। वहीं, खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा भी निखार रही हैं। खेल से व्यक्ति का मन प्रसन्न रहता है। आगे इसे और वृहद रूप से करने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ मिले। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि मंत्री के गृहनगर में आयोजित यह कार्यक्रम निःसंदेह काबिले तारीफ है। महिलाएं घर गृहस्थी में इतनी उलझी रहती है कि उन्हें स्वयं के लिए भी फुर्सत नहीं मिल पाता।
मंत्री प्रतिनिधि अनिल लोढा ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक व मंत्री के सोच का ही परिणाम है कि क्षेत्र की महिलाएं यहां एकत्रित हुई है व छग के पारंपरिक त्यौहार का आनंद ले रही हैं। महिलाओं के लिए यह सुखद अनुभूति का अवसर है। उक्त अवसर पर विशिष्ट अतिथि सीईओ जिला पंचायत रेणुका श्रीवास्तव, एसडीएम प्रेमलता चंदेल व सहायक संचालक उद्यानिकी आकांक्षा सिन्हा उपस्थित थे।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के युवा नेता जतिन भेड़िया, महामंत्री हस्तीमल सांखला, संयुक्त सचिव ताराचंद लोढा, ब्लाक अध्यक्ष गोपाल प्रजापति, नप अध्यक्ष लोकेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष विद्या शर्मा, संजय गुप्ता, सुरेंद्र भेड़िया, विकास लोढा, प्रकाश शर्मा, ममता शर्मा, शैल टांक, सोहदरा देवांगन, माया ठाकुर, गोपिनारायन साहू, राकेश सांखला, गौतम सिन्हा मौजूद थे।
देर शाम तक खेलों का आनंद लेती रही महिलाएं
रुक रुककर तेज बारिश के बावजूद भी महिलाएं खेल आयोजन में डटी रही व विभिन्न खेल,कबड्डी , रस्सा कसी, मटका फोड़,कुर्सी दौड़ ,दौड़ आदि में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दिलीप षडंगी के गीतों पर जमकर थिरकीं महिलाएं
तीजा पोला पर आयोजित कार्यक्रम में आयोजक मंडल ने महिलाओं के मनोरंजन के लिए दिलीप षडंगी का कार्यक्रम भी रखा। विभिन्न छत्तीसगढ़ी व पारंपरिक जस गीतों पर महिलाएं जमकर थिरकी।व पर्व का आनंद लिया। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री ने भी महिलाओं के साथ खेल का आनंद लिया व महिलाओं के साथ जस व धार्मिक गीतों पर झूम उठी।
मंत्री व विधायक के बीच रस्सा कसी से खेल की विधिवत शुरुआत हुई
कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया व विधायक संगीता सिन्हा के टीम के बीच विधिवत रस्सा कसी खेल से खेल की शुरुआत हुई, जिसमें विधायक की टीम विजयी रही। वहीं, कबड्डी में प्रथम परसाडीह व द्वितीय कोलाटोला, गोली चम्मच में प्रथम सरिता पिस्दा व द्वितीय संतोषी खरे लमती, मटका फोड़ में प्रथम शांति बाई रावटे भर्रीटोला व द्वितीय मीना तामुरिया। सुरीली कुर्सी में प्रथम कमलेश्वरी ठाकुर, अरजपुरी व द्वितीय नरबदिया बाई भीमकन्हार तथा रस्सा कसी में प्रथम लोहारा, मंगचुआ व द्वितीय कसही व गुरामी की टीम रही।